
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में शिक्षकों के प्रशासनिक तबादलों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है, जबकि स्वैच्छिक तबादलों के लिए 19 जून से आवेदन शुरू होंगे। इस बार स्वैच्छिक तबादला लेने वाले शिक्षकों के लिए नए नियम महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आए हैं। इसमें सबसे बड़ा बदलाव ई-अटेंडेंस लगाने वाले शिक्षक ही स्वैच्छिक तबादला ले सकेंगे। इसके अलावा जनगणना वाले शिक्षक आवेदन नहीं कर सकेंगे।
वहीं नियमों के अनुसार, जिला कैडर के सहायक शिक्षक यदि स्वेच्छा से दूसरे जिले में स्थानांतरण लेते हैं तो नई जगह उनकी वरिष्ठता समाप्त मानी जाएगी और उनका नाम संबंधित जिले की वरिष्ठता सूची में सबसे नीचे दर्ज किया जाएगा। इससे भविष्य में मिलने वाली पदोन्नतियों और अन्य सेवा लाभों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इसके तहत माध्यमिक स्तर के शिक्षक यदि अपने वर्तमान संभाग से बाहर स्वैच्छिक तबादला लेते हैं तो उनकी वरिष्ठता भी नए संभाग में सबसे नीचे मानी जाएगी। हालांकि उच्च माध्यमिक विद्यालयों के व्याख्याताओं पर यह नियम लागू नहीं होगा, क्योंकि उनका कैडर राज्य स्तर का होता है। शिक्षा विभाग के अनुसार प्रदेश में शिक्षकों के तीन अलग-अलग कैडर हैं।प्राथमिक शिक्षकों का जिला स्तर, माध्यमिक शिक्षकों का संभाग स्तर और व्याख्याताओं का राज्य स्तर का कैडर निर्धारित है।
शिक्षक संगठनों ने संशोधित तबादला नीति में दो प्रमुख विसंगतियों की ओर ध्यान आकर्षित किया है। पहली शर्त ई-अटेंडेंस और दूसरी जनगणना कार्य से जुड़ा है। स्वैच्छिक तबादले के लिए शिक्षकों की 90 प्रतिशत ई-अटेंडेंस अनिवार्य कर दी गई है। यह शर्त अधिकांश शिक्षकों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। ई-अटेंडेंस व्यवस्था लागू होने के शुरुआती चरण में नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं।
इसके अलावा जनवरी, फरवरी और मार्च 2025 के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में लगाई गई थी, जिससे वे नियमित रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं कर सके। विभाग इन्हीं तीन महीनों के आंकड़ों के आधार पर 90 प्रतिशत उपस्थिति की गणना कर रहा है, जिसके कारण बड़ी संख्या में शिक्षक पात्रता की शर्त पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
शिक्षा विभाग ने स्वैच्छिक स्थानांतरण के लिए 19 जून से 23 जून तक आनलाइन चाइस फिलिंग की अवधि निर्धारित की है। इस दौरान शिक्षक अपनी पसंद के स्थानों का चयन कर स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को भी स्वैच्छिक तबादले की प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। प्रदेश में लगभग 80 हजार शिक्षक जनगणना कार्य में संलग्न हैं। शासन द्वारा पहले ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं कि ऐसे शिक्षकों के तबादले फरवरी 2027 तक नहीं किए जाएंगे। शिक्षक संगठनों का दावा है कि ई-अटेंडेंस और जनगणना संबंधी शर्तों के कारण करीब 80 हजार शिक्षक स्वैच्छिक तबादले के लिए आवेदन करने से वंचित रह सकते हैं।
तबादला नीति में ई-अटेंडेंस वाले शिक्षक ही स्वैच्छिक तबादला में शामिल हो सकेंगे। जनगणना वाले शिक्षकों पर भी पाबंदी है।- अभिषेक सिंह,आयुक्त,लोक शिक्षण संचालनालय