
भोपाल। इंदौर में मेट्रो का एक रूट बदलना महंगा पड़ा है। इससे पहले चरण की लागत करीब 422 करोड़ रुपए बढ़ गई है। मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के एमडी विवेक अग्रवाल को मंगलवार को सौंपी गई फाइनल डीपीआर में रिंग लाइन कॉरीडोर की लागत 7100 करोड़ से बढ़ कर 7522.63 करोड़ रुपए हो गई है। ऐसा बताया जा रहा है कि मेट्रो की रफ्तार बढ़ाने का प्रस्ताव भी कंसलटेंट को करना पड़ा है।
कंसलटेंट रोहित एसोसिएट्स कंर्सोसियम ने 26762.21 करोड़ रुपए लागत से छह कॉरीडोर बनाने की रिपोर्ट सौंपी है। इसकी लंबाई 104.25 किमी होगी। इसमें 83.05 किमी एलिवेटेड और 10.2 किमी भूमिगत होगा। छह कॉरीडोर पर 89 स्टेशन बनेंगे। इसमें 75 एलिवेटेड और 8 भूमिगत होंगे।
31.53 किमी का होगा पहला कॉरीडोर
इंदौर में पहला कॉरीडोर ननोंद से भवरसला चौराहा, एमआर-10, विजय नगर चौराहा, रेडिसन होटल चौराहा, रेलवे स्टेशन, रजवाड़ा, कलानी नगर होते हुए वापस ननोंद तक होगा। इसे रिंग लाइन नाम दिया गया है। इसकी लंबाई 31.53 किमी होगी। इसमें से 19.26 किमी एलिवेटेड और 3.21 किमी भूमिगत होगा। कॉरीडोर पर 30 स्टेशन बनेंगे। 20 एलिवेटेड और चार भूमिगत होंगे। वहीं, एयरपोर्ट के पास सुपर कॉरीडोर पर डिपो प्रस्तावित किया गया है।