भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव सोमवार को दिल्ली दौरे पर रहे। उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से दिल्ली में भेंट की। मोहन यादव ने नड्डा को मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी भी दी। उन्होंने केंद्र सरकार योजनाओं के प्रचार-प्रसार और अन्य विकास कार्यों से भी नड्डा को अवगत कराया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण तथा कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल से भी भेंट की।
देर शाम मुख्यमंत्री, केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव से भी उनके निवास पर मिले और प्रदेश हित से जुड़े लंबित प्रकरणों पर निराकरण करने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री यादव ने मुख्यमंत्री को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री यादव को बताया कि प्रदेश में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की केंद्रीय योजनाओं को मूर्त रूप देने में मध्य प्रदेश पूरी क्षमता से प्रयासरत है। प्रदेश में केंद्रीय योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय को भेजे गए प्रस्ताव लंबित हैं।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि संजय टाइगर रिजर्व में गौर पुनर्स्थापना योजना के अंतर्गत ट्रांसलोकेटेड 50 गौर के रक्त नमूना एकत्र करने की अनुमति, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 50 गौर ट्रांसलोकेशन की अनुमति, टाइगर कंजर्वेशन प्लान के अनुमोदन और फसल हानि करने वाले 400 कृष्ण मृग का ट्रांसलोकेशन संबंधी प्रस्ताव विचाराधीन हैं।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय वन्यप्राणी बोर्ड की स्टैंडिंग कमेटी के समक्ष तथा वन संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की ओर भी केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। इनके अलावा मुख्यमंत्री ने ग्रीन इंडिया मिशन के तहत वर्ष 2022-23 और 2023-24 के साथ-साथ वर्ष 2023-24 की केंद्रीय प्रवर्तित योजना की लंबित किस्त भी शीघ्र जारी करवाने का निवेदन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन और श्रम एवं रोजगार मंत्री श्री @byadavbjp जी से सौजन्य भेंट कर विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की।@DrMohanYadav51 pic.twitter.com/dc1ThuRfTD
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) January 29, 2024