
Child Marriage in MP: अंजली राय, भोपाल। गांधीनगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक बाल विवाह कराने की सूचना मिली थी। एक 15 वर्षीय किशोरी की शादी अक्षय तृतीया पर होने वाली थी। किशोरी ने चाइल्ड लाइन को फोन कर सूचना दी। मामले में उसके परिजनों ने गांधी नगर थाने में जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि उनकी बेटी बालिग है, जबकि किशोरी का कहना था कि वह नाबालिग है। किशोरी ने कहा कि वह अपने घर नहीं जाना चाहती। उसे डर है कि कहीं उसकी शादी जबरन न करा दी जाए। इसके बाद किशोरी को रविवार रात आश्रयगृह में रखा गया था।
सोमवार को बाल कल्याण समिति के आदेश पर किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में प्रस्तुत किए दस्तावेज के अनुसार लड़की की उम्र 15 वर्ष के करीब है। इसे देखते हुए किशोरी और उसके माता-पिता की काउंसिलिंग की गई। काउंसिलिंग में माता-पिता ने अपनी गलती स्वीकारी। साथ ही उन्होंने लिखित में दिया कि वे बेटी की शादी अभी नहीं करेंगे। इसके बाद किशोरी को परिवार को सौंपा गया।
बता दें कि पिछले दो-तीन सालों में लड़कियां खुद ही बाल विवाह की सूचना चाइल्ड लाइन को दे रही हैं। इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में बाल विवाह के अधिक मामले भी सामने आए हैं। प्रदेश में एक साल में 228 मामले बाल विवाह के आए हैं। इसमें भोपाल जिले में 38 बाल विवाह रुकवाए गए हैं। हालांकि मप्र महिला एवं बाल विकास विभाग व चाइल्ड लाइन बाल विवाह रोकने के प्रति जागरूकता को लेकर प्रयास कर रहे हैं।
भोपाल जिले में 30 केस में बरात आ चुकी थी
भोपाल जिले में एक साल में करीब 38 बाल विवाह के मामले सामने आए थे। इसमें से 30 प्रकरण ऐसे थे, जिसमें लड़कियों के घर तक बरात आ चुकी थी। इसमें पुलिस थाना, चाइल्ड लाइन और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने पहुंचकर विवाह रुकवाया था। इन सभी मामलों में बरात को वापस लौटाया गया।
मध्य प्रदेश में बाल विवाह का आंकड़ा
मार्च 2019 से फरवरी 2020 तक - 450
मार्च 2020 से फरवरी 2021 तक - 292
मार्च 2021 से दिसंबर 2021 तक - 228
भोपाल के बाल विवाह के आंकड़े
मार्च 2019 से फरवरी 2020 - 47
मार्च 2020 से फरवरी 2021 - 53
मार्च 2021 से दिसंबर 2021 - 38
जनवरी 2021 से 1 मई 2022 तक - 20
केस 1 : नेहरू नगर की एक 16 वर्षीय बालिका ने चाइल्ड लाइन में फोन कर बाल विवाह की सूचना दी थी। मामले में बालिका का कहना था कि वह पढ़ाई करना चाहती है, लेकिन पिता जबरदस्ती उसकी शादी कर रहे हैं।
केस 2 : 16 फरवरी को बजरिया थाना क्षेत्र से एक 17 वर्ष की किशोरी ने चाइल्ड लाइन को सूचना देकर अपनी शादी रुकवाई थी। किशोरी आइटीआइ कर रही थी, लेकिन उसकी मां ने विदिशा में उसकी शादी तय कर दी थी, जिसे उसने रुकवाया।
बाल विवाह के खिलाफ लोगों में जागरूकता आई है। बेटियां खुद आगे आ रही हैं। इस कारण अब बाल विवाह रोकथाम की घटनाएं सामने आ रही हैं। -अर्चना सहाय, डायरेक्टर, चाइल्ड लाइन
समाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। लोगों में जागरूकता बढ़ी है। अब बेटियां अपने करियर के प्रति सजग हैं, इसलिए खुद ही बाल विवाह की सूचना दे रही हैं। -प्रो. रमा सिंह, समाजशास्त्री
1098 और डायल 100 पर दें बाल विवाह की जानकारी
अक्षय तृतीया पर जिला प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की गई है कि अपने आसपास बाल विवाह न होने दें। बाल विवाह रोकने के लिए डायल 100 चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर सूचना दे सकते हैं। कलेक्टर अविनाश लवानिया के निर्देश पर जिला स्तर पर 'लाडो अभियान' शुरू किया गया है।