
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर के गोविंदपुरा क्षेत्र में रविवार देर रात बदमाशों ने एक कैब ड्राइवर पर जानलेवा हमला कर दिया। कैब बुकिंग के इंतजार में खड़े चालक की आंखों में बदमाशों ने मिर्च पाउडर झोंक दिया और फिर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर भाग निकले।
चाकू के सात वार से लहूलुहान ड्राइवर 50 मीटर तक कार चलाकर पहुंचा, लेकिन अचानक उसकी हालत बिगड़ी तो मौजूद लोगों ने डायल-112 को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद गोविंदपुरा पुलिस ने घायल को एम्स अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घायल ने आरोपितों के बारे में कुछ भी जानकारी होने से इनकार किया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार जहांगीराबाद निवासी 49 वर्षीय जफर उद्दीन ओला कैब चालक है। रविवार रात वह साकेत नगर में सवारी छोड़ने के बाद हबीबगंज मस्जिद के पास नमाज अदा करने के लिए रुका था। नमाज के बाद वह अपनी कार में बैठकर अगली सवारी का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान कस्तूरबा अस्पताल की ओर से बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और अचानक उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। जफर कुछ समझ पाता, उससे पहले ही हमलावर ने चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए, जो कि जफर के कंधे और पसलियों में लगे।
यह भी पढ़ें- 'भाजपा में आ जाओ, केस खत्म कर दूंगा...', कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर लगाया आरोप
बचाव के प्रयास में उसके हाथ में भी गहरा घाव लगा, जबकि जांघ पर भी चोटें आई हैं। वारदात के दौरान एक अन्य बदमाश दूसरी बाइक से कार के सामने खड़ा रहा, ताकि पीड़ित भाग न सके। हमले के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में दो युवक अलग-अलग बाइकों पर नजर आ रहे हैं। आरोपितों की पहचान की जा रही है।