भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। देश भर के विभिन्न नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एनएलआयू) और अन्य विधि संस्थानों में यूजी और पीजी कोर्सेस में दाखिले के लिए कामन लॉ एडमिशन (क्लैट) की परीक्षा का परिणाम शुक्रवार रात घोषित कर दिया गया। इसमें राजधानी से करीब 50 विद्यार्थियों ने सफलता पाई है। 12वीं की छात्रा संस्कृति यादव ने आल इंडिया में 172वीं रैंक हासिल की है। वहीं एक अन्य छात्रा खुशी पांडे का आल इंडिया रैंक 469 आया है।
बता दें, कि क्लैट की परीक्षा 19 जून को आयोजित की गई थी। राजधानी में तीन केंद्रों पर करीब 1500 विद्यार्थी शामिल हुए थे। 120 मिनट के पेपर में 150 सवाल पूछे गए थे। परीक्षा का परिणाम अधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। इस परीक्षा में गणित, अंग्रेजी, सामान्य अध्ययन और विधि से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे। इस प्रवेश परीक्षा में सफल विद्यार्थियों का कहना है कि सात से आठ घंटे की पढ़ाई, इंटरनेट मीडिया से दूरी और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण सफलता मिली है।
नियमित आठ घंटे की पढ़ाई की
आल इंडिया रैंक 172 लाने वाली छात्रा संस्कृति यादव ने कहा कि हर रोज नियमित आठ घंटे की पढ़ाई की। बारहवीं की पढ़ाई से ज्यादा क्लैट पर फोकस किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया से दूरी बनाई, लेकिन करेंट अफेयर्स पर फोकस किया। संस्कृति के पिता सुनील यादव बिजनेसमैन है और मां रजनी यादव हाउसवाइफ हैं। संस्कृति ने बताया कि अभिभावकों का सहयोग पूरा मिला। इस कारण सफलता मिली।
नोट्स बनाकर पढ़ाई की
आल इंडिया लेवल पर 469वीं रैंक पाने वाली छात्रा खुशी पांडे ने बताया कि रोज सात-आठ घंटे नियमित पढ़ाई की। साथ ही खुद नोट्स बनाकर परीक्षा की तैयारी की। पूरा फोकस इस परीक्षा पर दिया।
इस बार हमारे संस्थान से करीब 28 बच्चों का चयन हुआ है। इस बार कटआफ पिछले बार की तुलना ज्यादा गया है। परिणाम संतोषजनक है।
- आलोक पांडेय, निदेशक, लॉ प्रैप कोचिंग