_m.webp)
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी रोड पर प्रॉपर्टी डीलर से 55 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बदमाशों के सुराग मिलने लगे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए चार से पांच बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर आए थे।
तेज रफ्तार से मौके से फरार
वारदात के बाद बदमाश तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपितों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर बदमाशों की लोकेशन इंदौर रोड की ओर जाती हुई मिली है। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने इंदौर रोड और आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी है।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बदमाशों ने पहले से ही प्रॉपर्टी डीलर की रेकी कर रखी थी। जैसे ही वह स्कूटी से रुपयों से भरा बैग लेकर निकला, आरोपितों ने स्मार्ट सिटी रोड पर उसकी स्कूटी के सामने बाइकें अड़ाकर उसे रोक लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर बैग छीन लिया और फरार हो गए।
बदमाशों को पहले से थी जानकारी
पुलिस को आशंका है कि इतनी बड़ी रकम की जानकारी बदमाशों को पहले से थी। इसलिए मामले में अंदरूनी सूचना या हवाला कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कई अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
यह भी पढ़ें- भोपाल के 6 प्राइवेट हॉस्पिटल 1 अप्रैल से हो सकते हैं बंद, रिन्यूअल न कराने पर स्वास्थ्य विभाग ने थमाया नोटिस