'बीमारू राज्य का टैग हटा, MP अब विकास की तेज रफ्तार पर': दिल्ली में बोले CM मोहन यादव, निवेशकों को दिया न्योता
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने निवेशकों से मध्य प्रदेश में निवेश करने का आह्वान किया और प्रदेश को असीम संभावनाओं वाला राज्य बताया।
Publish Date: Sun, 23 Aug 2026 08:54:07 AM (IST)Updated Date: Sun, 23 Aug 2026 08:54:07 AM (IST)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नई दिल्ली में वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026 में शामिल हुए।सौ- जनसंपर्क विभागHighLights
- बीमारू राज्य की छवि बदली
- निवेशकों को एमपी आने का न्योता
- ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग पर फोकस
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि मध्य प्रदेश पर बीमारू राज्य होने का टैग लगा दिया गया था, जिसे हमने पूरी तरह हटा दिया है। चुनौतियों को पहचानकर तरक्की के अवसरों में बदला है।
प्रदेश हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। कृषि में हम पहले से आगे थे, अब औद्योगिक प्रगति में भी तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले साल भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और हर अंचल में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित किए गए।
मप्र में असीम संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने निवेशकों से कहा कि मध्य प्रदेश असीम संभावनाओं और अनंत अवसरों का प्रदेश है। यहां की संस्कृति ऐसी है कि एक बार जो आता है, वह वापस नहीं जाता। प्रदेश ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
राज्य में सौर एवं पवन ऊर्जा की व्यापक संभावनाओं का उपयोग करते हुए स्वच्छ ऊर्जा आधारित औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्रदेश में टेक्सटाइल एवं गारमेंट, फार्मास्युटिकल्स, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर, खाद्य प्रसंस्करण और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं।