नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। सीएम यूथ कान्क्लेव–2026 का आयोजन छह अक्टूबर को राजधानी लाल परेड मैदान में किया जाएगा। कान्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 हजार से अधिक युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है।
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने लाल परेड मैदान में कार्यक्रम स्थल, प्रदर्शनी कक्षों सहित आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का रविवार को निरीक्षण किया। इस दौरान अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन एवं आयुक्त, उच्च शिक्षा प्रबल सिपाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
कार्यक्रम का उद्देश्य
- कॉन्क्लेव में रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता, नवाचार, अनुसंधान और उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष फोकस रहेगा।
- विशेषज्ञों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों और नवोदित उद्यमों की सहभागिता से युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार की बदलती आवश्यकताओं और उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी मिलेगी।
ये रहेंगे शामिल
आयोजन में 17 शासकीय विभागों एवं विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। उच्च शिक्षा, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, तकनीकी शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, परिवहन, आयुष और पुलिस एवं साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न विभाग अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित योजनाओं और गतिविधियों से युवाओं को परिचित कराएंगे।
मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर एवं सेडमैप द्वारा स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और नवाचार से संबंधित गतिविधियां प्रस्तुत की जाएंगी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बढ़ाएंगी उत्साह
युवा शक्ति के इस महोत्सव में संवाद और मार्गदर्शन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल और मुंबई के कबीर कैफे की सुरमयी प्रस्तुतियां कार्यक्रम में जोश, उमंग और उत्साह का संचार करेंगी।