भोपाल में सीएम धामी का कांग्रेस पर हमला; बोले- 60 साल सिर्फ तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति की
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भोपाल में मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति पर केंद्रित रही है।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 10:33:31 AM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 10:33:31 AM (IST)
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता स्व. काशी बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने उनके भोपाल स्थित आवास पहुंचे उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी । फोटो- सोशल मीडिया।HighLights
- उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
- बोले- हमेशा तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति पर केंद्रित रही
- धामी ने मोदी सरकार की सुरक्षा नीति की सराहना की
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह पूरा देश जानता है कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा तुष्टीकरण पर केंद्रित रही है। 60 वर्षों तक कांग्रेस सत्ता में रही और उसने सिर्फ वोट बैंक की राजनीति की। उसने देश की सुरक्षा के लिए कोई काम नहीं किया और न ही देश के सैनिकों का मनोबल बढ़ाने का कोई काम किया। धामी बुधवार को भोपाल में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
शिवराज सिंह की स्वर्गीय मां को दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता स्व. काशी बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने उनके भोपाल स्थित आवास पहुंचे धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा की 103वीं जयंती पर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की। सोनिया गांधी की किताब में भोपाल गैस त्रासदी के उल्लेख के मीडिया के प्रश्न पर धामी ने कहा कि उसमें बहुत सारी घटनाओं का उल्लेख है।
सोनिया की किताब पढ़कर प्रतिक्रिया दूंगा- धामी
उन्होंने कहा कि मैंने किताब अभी तक देखी भी नहीं है, सिर्फ सुना ही है। मैं पहले इसे पढ़कर विषयवस्तु को समझूंगा, फिर प्रतिक्रिया दूंगा। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस और उसकी समर्थित सरकारों के कार्यकाल में सीमा पार से आतंकवादियों, अलगाववादियों और जिहादी आते थे, हमारी सेना पर आक्रमण करते थे। कांग्रेस और उनकी समर्थित सरकारों के समय में गोली का जवाब देने का कोई आदेश नहीं होता था।
मेादी की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने के बाद देश की सीमाएं सुरक्षित हुई, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक हुई, पहलगाम घटना के बाद ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया। आज सैनिकों का मनोबल बढ़ रहा है। वन रैंक वन पेंशन का पिछले 40 सालों से लोग इंतजार करते रहे लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने नहीं मिला। मैं एक सैनिक का बेटा हूं इसलिए इसे भली भांति जानता हूं।
मोदी का एक भारत श्रेष्ठ भारत का जो विजन है उससे पूरी दुनिया हतप्रभ है कि भारत कैसे अपनी विकास की गति बढ़ा रहा है। बता दें कि शिवराज सिंह चौहान की माता की तेरहवीं और गंगाजलि पूजन का कार्यक्रम गुरुवार को है। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं।