
भोपाल। राजधानी में स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आज नवनिर्मित खेल परिसर का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, आरजीपीवी के कुलपति प्रोफेसर सुनील कुमार भी मौजूद रहे। इसके साथ ही परिसर में अंतरविश्वविद्यालयीन बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ भी हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रतियोगिता में शिरकत कर रहे खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर उन्हें प्राेत्साहित भी किया।
मुख्यमंत्री श्री @ChouhanShivraj ने
राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, भोपाल में आयोजित अंतर विश्वविद्यालय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता 2022 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम श्री चौहान ने बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित भी किया।@officialrgpv pic.twitter.com/aet76zZyX1
— CMO Madhya Pradesh (@CMMadhyaPradesh) January 5, 2022
उल्लेखनीय है कि भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआइयू) द्वारा देशभर में आयोजित की जाने वाली विभिन्न खेल स्पर्धाओ की श्रृंखला में पश्चिम क्षेत्र महिला एवं पुरुष सिंगल्स एवं डबल्स बैडमिंटन स्पर्धा का चार दिवसीय आयोजन आरजीपीवी में किया जा रहा है। आठ जनवरी तक चलने वाली इस स्पर्धा में छह राज्य मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, गोवा एवं महाराष्ट्र के 80 विश्वविद्यालयों की 164 टीमें शिरकत कर रही हैं, जिनमें 84 पुरुष एवं 80 महिला टीमें शामिल हैं। इस स्पर्धा में एक हज़ार से अधिक खिलाडी, टीम मैनेजर, रेफरी तथा निर्णायक मंडल के सदस्य सहभागिता कर रहे हैंl
लोकार्पण के बाद कार्यक्रम के मंच से मुख्यमंत्री समेत अन्य विशिष्टजन ने 'स्पंदन' पत्रिका का विमोचन किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए अध्ययन के साथ खेल गतिविधियाँ भी आवश्यक हैं। स्वस्थ शरीर के लिए खेल जरूरी हैं। स्वस्थ व्यक्ति राष्ट्र के विकास में बेहतर योगदान दे सकता है। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आहवान करते हुए कहा था कि युवाओं को सभी क्षेत्रों में योगदान देना है। युवा बढ़ेंगे तो देश भी बढ़ेगा। उनका कहना था 21 वी सदी भारत की होगी जिसमें सर्वाधिक योगदान युवाओं का होगा। शिक्षा का उद्देश्य नागरिकता के संस्कार देना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को अपने शरीर को स्वस्थ रखना आवश्यक है। युवाओं को जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसकी प्राप्ति पर ध्यान देना है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि तकनीकी शिक्षा का उद्देश्य कौशल का विकास कर रोजगार के अवसर बढ़ाना है। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर शोध और स्टार्ट अप को भी बढ़ावा दें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा प्रधानमंत्री श्री मोदी के 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थ-व्यवस्था के संकल्प में तकनीकी शोध का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। इसमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। इनके दृढ़ संकल्प से सफलता जरूर मिलेगी।
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि संक्रमण की नई लहर आ गई है, पूरी सावधानियों के साथ प्रतियोगिता का आयोजन करना है। कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुनील कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। श्री महंत सहदेव आनंद गिरि जी ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का रुद्राक्ष की माला से स्वागत कर सुशासन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और आमंत्रित राज्यों के खिलाड़ी उपस्थित थे।