नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बीएचईएल दशहरा मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत 351 बसों को मुख्यमंत्री मोहन यादव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में करीब 15 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक मार्ग, ड्राप एंड गो, पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था लागू की है।
रायसेन, विदिशा सहित कई मार्गों पर असर
इसके तहत सीहोर, फंदा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम की ओर से आने वाली बसें मुबारकपुर-लांबाखेड़ा-चौपड़ा कलां-आनंद नगर-रत्नागिरी होते हुए भेल गेट नंबर छह पहुंचेंगी।
यहां यात्रियों को उतारकर बसें जंबूरी मैदान में पार्क होंगी। नर्मदापुरम की बसें 11 मील से आउटर बायपास होते हुए खजूरी कलां-सोस रोड से आएंगी।
भोपाल शहर की 125 बसें प्रभात चौराहा-आईटीआई तिराहा होते हुए हेमा स्कूल पर यात्रियों को उतारेंगी और करियर कालेज के पीछे व गुलाब उद्यान में पार्क होंगी।
यहां से रहेगा डायवर्जन
कार्यक्रम के दौरान गोविंदपुरा टर्निंग, अन्ना नगर तिराहा, करियर कॉलेज, सद्भावना चौराहा, भेल गेट नंबर छह, महात्मा गांधी चौराहा और सिक्योरिटी लाइन चौराहा प्रभावित रहेंगे। भारी, मालवाहक व व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इंदौर से आने वाली बसें हलालपुर बस स्टैंड तक ही आ सकेंगी, जबकि गुना-राजगढ़-ब्यावरा की बसें भी हलालपुर होकर लौटेंगी।
नर्मदापुरम, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बैतूल, सागर, छतरपुर और दमोह की बसों को 11 मील-हबीबगंज नाका होते हुए आईएसबीटी भेजा जाएगा।