
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बैरागढ़ में 13 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपित मुईन बेग ने पूछताछ में बताया कि बच्ची ने उससे दोस्ती खत्म करने की बात कही थी। इससे वह भड़क गया और उसने बच्ची की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपित ने पहले सिलोचन और व्हाइटनर से नशा किया था। इसके बाद उसने बच्ची के चेहरे पर मुक्का मारकर उसके दांत तोड़ दिए। फिर उसके मुंह में मोबाइल और उसी रूमाल को ठूंस दिया, जिस पर उसने नशा किया था। आरोपित ने बच्ची का गला भी दबाया।
शार्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के दौरान बच्ची के शरीर पर संघर्ष के निशान भी मिले हैं। साथ ही यौन हिंसा के साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी विस्तृत पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार आरोपित पूर्व से पीड़िता के परिवार से संपर्क में था। उसने बताया कि अक्सर घर में आना जाना होता था। इसी दौरान वह बालिका के संपर्क में आया था। शुक्रवार को उसने बैरागढ़ थाने के पास कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पिछले हिस्से में खंडहर में ले जाकर पीड़िता से दुष्कर्म किया था। जिसके बाद उसने कहा कि वह उससे दोस्ती खत्म कर लेगी। इसी बात से आरोपित भड़क गया और हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के निष्कर्ष के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
शनिवार को पुलिस ने आरोपित मुईन बेग को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया। पेशी के दौरान भी तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस को आशंका थी कि न्यायालय परिसर में आरोपित के साथ मारपीट हो सकती है, इसलिए सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती गई। फिलहाल पुलिस उससे वारदात के घटनाक्रम और बच्ची की मौत से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या की घटना से गुस्साए स्वजन और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने बैरागढ़ थाने के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमार्ग से रैली निकाली और थाने के सामने बैठकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपित को फांसी देने और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शन के कारण इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालने का प्रयास किया।
आरोपित को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है। उससे घटना से संबंधित पूछताछ की जा रही है। दुष्कर्म के आरोपों को लेकर विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।- रत्नेश तोमर, एसीपी बैरागढ़