MP से हरदीप पुरी की उम्मीदवारी पर जीतू पटवारी का सवाल- 'भाजपा बताए एपस्टीन मामले का सच', NSUI ने फूंका पुतला
मध्य प्रदेश से भाजपा द्वारा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा भेजने के निर्णय का कांग्रेस ने विरोध किया। पार्टी नेताओं ने एपस्टीन प्रकरण से जुड़े सवाल उठाते हुए जवाब मांगे।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 08:42:10 AM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 08:42:10 AM (IST)
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पुरी के नाम से जुड़े एपस्टीन प्रकरण पर सवालों का जवाब देने की मांग की। फाइल फोटो।HighLights
- हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी पर कांग्रेस के सवाल
- एपस्टीन प्रकरण पर सवालों का जवाब देने की मांग की
- उमंग सिंघार और अरुण यादव ने भी की आलोचना
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल । मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा में भेजने के भाजपा के निर्णय पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि एपस्टीन फाइल में नाम व फोटो आने के बाद भी उन्हें राज्यसभा भेजना भाजपा की मजबूरी बताता है। मध्य प्रदेश से उन्हें भेजने का कांग्रेस विरोध करेगी।
उधर, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर बुधवार को पुरी का पुतला जलाकर उनकी उम्मीदवारी का विरोध किया।
एपस्टीन प्रकरण पर उठाए सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर पोस्ट किया कि इस नाम (हरदीप सिंह पुरी) को सत्ता में शामिल रखने के पीछे की विवशता बता रही है कि कहीं कुछ तो ऐसा जरूर है, जिसने भाजपा की नस दबा रखी है। पार्टी को यह बताना ही चाहिए कि पुरी के नाम से जुड़े एपस्टीन प्रकरण पर उठे सवालों का जवाब, देश को आखिर कब मिलेगा?
उमंग सिंघार और अरुण यादव ने घेरा
उधर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि एपस्टीन फाइल में नाम आने को लेकर चर्चा में रहे व्यक्ति को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने से साफ है कि वह प्रदेश को अपने राजनीतिक प्रयोगों की प्रयोगशाला समझती है।
वहीं, एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि विवादित छवि के व्यक्ति को राज्यसभा भेजने का निर्णय प्रदेश के मतदाताओं का अपमान है।