भोपाल में किडनैपिंग: ठेकेदार को होटल में बंधक बनाकर मांगी ₹5 लाख की फिरौती; ₹50 हजार ऑनलाइन लिए और ब्लैंक चेक पर कराए साइन
देवास के बिल्डिंग मटेरियल ठेकेदार मंगेश जायसवाल और उनके पार्टनर सोनू उर्फ आसिम शेख को नई साइट दिखाने के बहाने रास्ते में रोककर जंगल में बंधक बनाया और ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 09:52:11 AM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 09:52:11 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- साइट दिखाने के बहाने बंधक बनाया और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी
- होटल में बंद कर चेक पर साइन कराए, 50 हजार रुपये भी खाते में ट्रांसफर करवाए
- आरोपी अजय यादव, लक्ष्मीनारायण गुर्जर और देवराज गुर्जर गिरफ्तार; एक फरार
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बैरसिया क्षेत्र में देवास के बिल्डिंग मटेरियल ठेकेदार और उसके पार्टनर के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोपितों ने नई साइट दिखाने के बहाने दोनों को रास्ते में रोका, मारपीट कर मोबाइल छीन लिए और जंगल में ले जाकर बंधक बना लिया। यहां पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।
रकम नहीं मिलने पर दोनों को भोपाल लाकर होटल के कमरे में बंद कर दिया और चेक मंगवाकर उन पर जबरन हस्ताक्षर कराए। आरोपितों ने 50 हजार रुपये भी एक खाते में ट्रांसफर करवाए। बैरसिया पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार है।
देवास के ठेकेदार और उसके साथी को बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार देवास जिले के अकालिया निवासी मंगेश जायसवाल (32) बिल्डिंग मटेरियल की ठेकेदारी करते हैं। तीन अक्टूबर को वह पार्टनर सोनू उर्फ आसिम शेख के साथ कार से सागर से भोपाल आ रहे थे। विदिशा से करीब 20 किलोमीटर पहले परिचित अजय यादव और लक्ष्मीनारायण गुर्जर मिले।
अजय ने फोन कर लक्ष्मीनारायण की नई साइट दिखाने की बात कही और उन्हें अपनी कार के पीछे आने को कहा। शाम करीब सात बजे इमलिया स्वरूप गांव के पास बायपास तिराहे पर देवराज गुर्जर भी मिल गया। तीनों ने कार रोककर मंगेश और सोनू को बाहर निकाला, मारपीट की और मोबाइल छीन लिए।
इसके बाद दोनों को जबरन अपनी कार में बैठाकर बायपास से तीन-चार किलोमीटर दूर जंगल में ले गए। उनकी कार देवराज के जरिए अपने घर ले जाने की बात कही गई।
जंगल से होटल तक बंधक बनाकर वसूली की कोशिश
आरोपितों ने दोनों को जंगल में दो-तीन घंटे बंधक बनाकर पांच लाख रुपये मंगाने का दबाव बनाया। सोनू ने साडू भाई नवेद को फोन किया, लेकिन उसने रकम देने में असमर्थता जताई। इसके बाद चेक देने का दबाव बनाया गया। आरोपितों ने शराब के लिए मंगेश से यूपीआइ के जरिए 1500 रुपये भी लिए।
इसके बाद दोनों को भोपाल लाकर करोंद में शराब के लिए 700 रुपये और ट्रांसफर करवाए गए। नादरा बस स्टैंड पर सोनू के घर से चेक मंगवाए गए। आरोप है कि अजय ने सोनू से छह चेक पर हस्ताक्षर कराकर अपने कब्जे में ले लिए।
होटल में बंद किया, 50 हजार भी डलवाए
दोनों को अयोध्या बायपास स्थित होटल माया पैलेस के कमरे में बंद कर दिया गया। अगले दिन सुबह सोनू मौका पाकर निकल गया और अस्पताल पहुंचा। मंगेश के अनुसार आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर रितेश दुबे से जुड़े खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए।
शाम को घर से आए चेक में से एक तीन लाख रुपये का और एक ब्लैंक चेक पर भी हस्ताक्षर कराए गए। रात करीब साढ़े आठ बजे उसे एयरपोर्ट रोड पर छोड़ दिया गया।
बैरसिया निवासी अजय यादव, लक्ष्मीनारायण गुर्जर और देवराज गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है। भोपाल निवासी रितेश दुबे फरार है। मामले में अपहरण, बंधक बनाने, मारपीट, धमकी और कार ले जाने सहित अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।- रामबाबू चौधरी, थाना प्रभारी