Corona curfew in Bhopal: मास्क न लगाने पर 21 लोगों पर 2,100 रुपये का जुर्माना
Corona curfew in Bhopal: नगर निगम ने नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्ती से की कार्रवाई।
By Lalit Katariya
Edited By: Lalit Katariya
Publish Date: Mon, 19 Apr 2021 07:20:00 AM (IST)
Updated Date: Mon, 19 Apr 2021 07:03:34 AM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। नगर निगम भोपाल द्वारा कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन न करते हुए मास्क न लगाने और सुरक्षित शारीरिक दूरी के नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की गई। निगम के स्वास्थ्य अमले ने अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे 21 लोगों पर जुर्माने की कार्रवाई की है। इन पर 2,100 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं कोविड नियमों का पालन करने के लिए समझाइश दी गई है। जिला प्रशासन ने मास्क न पहनने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए थे। इसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम के जोन-1 में नौ, जोन-5 में पांच, जोन-17 में पांच व जोन-10 में दो प्रकरण दर्ज किए गए। सभी से 100 रुपये जुर्माना स्वरूप वसूला गया। इधर, नगर निगम ने संक्रमण की रोकथाम के लिए रहवासी क्षेत्र, कार्यालय, संस्थानों में वृहद स्तर पर सैनिटाइजेशन किया। 20 से अधिक बड़ी ट्रिपर, एंटी फागिंग मशीनों एवं ट्रैक्टर माउंट स्प्रीलिंकर्स तथा जोन स्तर पर बड़ी संख्या में हस्तचलित स्प्रे मशीनों के माध्यम से सैनिटाइजेशन की कार्रवाई व्यापक पैमाने पर की जा रही है। उल्लेखनीय है कि कोरोना काल के सबसे खराब दौर में सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का आम नागरिक सख्ती से पालन नहीं कर रहे है। नगर निगम ने रविवार को भी अपना अभियान जारी रखा था।
पुलिस ने भी रविवार को दिखाई अधिक सख्ती
शहर में रविवार को आम दिनों की तुलना में पुलिस ने अधिक सख्ती दिखाई और सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कारण आम नागरिकों को कॉफी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं लापरवाही बरत रहे लोगों के चालान भी बनाए गए है।