
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने अलग-अलग मामलों में दोषियों के खिलाफ थानों में एफआइआर दर्ज कराने की तैयारी पूरी कर ली है। साथ ही अनियमितता पाए जाने पर एक गैस एजेंसी को निलंबित कर दिया गया है।
फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि अप्रैल माह में किए गए निरीक्षण के दौरान बैरागढ़ चीचली निवासी राजू मेवाड़ा को अवैध भंडारण, जहांगीराबाद के सलमान खान को कालाबाजारी और श्याम सिंह को गैस के अवैध परिवहन करते पकड़ा गया था। इन तीनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया जा रहा है।
अवैध रिफिलिंग करते हुए पकड़ा गया
इसी तरह कोलार क्षेत्र में नितेश पराड़कर, सनी और ऋषिराज कुशवाहा को अवैध रिफिलिंग करते हुए पकड़ा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने मेसर्स सिद्धार्थ गैस एजेंसी को निलंबित कर दिया है और इसके उपभोक्ताओं को मेसर्स रघु इंडेन गैस एजेंसी से जोड़ दिया गया है।
इसके अलावा गैस से संबंधित 14 अन्य प्रकरणों में भी दोषियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच हुआ है।
यह भी पढ़ें- भोपाल: बुल्गारिया में नौकरी का झांसा देकर लाखों ऐंठने वाला कथावाचक गिरफ्तार, थाने पहुंचे शिष्यों ने किया हंगामा