
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोहेफिजा के करबला इलाके में गोलीबारी के मामले में जेल पहुंचे बदमाश शाहिद इटारसी उर्फ शाहिद अंसारी की सोमवार रात जमानत पर रिहाई हुई तो उसके समर्थकों ने स्वागत के नाम पर सड़क पर शक्ति प्रदर्शन किया। उसे लेने 100 से ज्यादा समर्थक कारों और बाइकों से केंद्रीय जेल पहुंचे। इसके बाद लालघाटी से वीआइपी रोड तक काफिला निकाला गया। करीब आठ किलोमीटर के रास्ते पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
रात करीब 10 बजे यातायात प्रभावित होने से आम वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाहिद कार में सवार होकर निकला और कार की छत से हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन करता रहा। पीछे कारों और बाइकों का हुजूम चलता रहा।
काफिले के वीडियो समर्थकों ने इंस्टाग्राम पर प्रसारित किए और शाहिद को हीरो की तरह पेश किया। बदमाश के स्वागत में निकले इस जुलूस के कारण सड़क पर अव्यवस्था की स्थिति बनी।
वर्ष 2024 में कोहेफिजा थाना क्षेत्र के करबला स्थित शालीमार अपार्टमेंट में शाहिद अंसारी पर प्रॉपर्टी डीलर शफी उर्फ हसन को अपने पांच साथियों के साथ गोली मारने का आरोप है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर शाहिद को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से वह जेल में बंद था। सोमवार रात जमानत पर बाहर आने के बाद उसके समर्थकों ने उसी क्षेत्र में से काफिला निकालकर स्वागत किया।
यह भी पढ़ें- एमपी के लाखों कर्मचारियों-पेंशनरों का बढ़ेगा महंगाई भत्ता! दीवाली से पहले मिल सकती है खुशखबरी, प्रस्ताव हुआ तैयार