भोपाल में साइबर ठगी, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर 73 हजार रुपये निकाले
खाते से रकम कटने का मैसेज मिलने पर उन्होंने तुरंत कॉलर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल नंबर बंद मिला।
Publish Date: Tue, 14 Jul 2026 09:55:42 PM (IST)Updated Date: Tue, 14 Jul 2026 09:58:06 PM (IST)
भोपाल में हुआ साइबर अपराध।भोपाल। बैरागढ़ इलाके में रहने वाले एक युवक से क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर साइबर ठग ने करीब 73 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपित ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताकर पहले पीडि़त से खाते की पूरी जानकारी हासिल की और फिर ओटीपी हासिल कर खाते से रकम पार कर दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बैरागढ़ निवासी कमलेश चंदानी (34) के मोबाइल पर 10 जुलाई को एक अज्ञात नंबर से Call आया। Call करने वाले ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाई जा सकती है।
बातचीत के दौरान आरोपित ने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर कमलेश को भरोसे में लिया और खाते की जानकारी जुटा ली। इसी बीच कमलेश के मोबाइल पर एक ओटीपी आया।
आरोपित ने उसे सत्यापन प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए ओटीपी पूछ लिया। जैसे ही कमलेश ने ओटीपी साझा किया, उनके बैंक खाते से करीब 73 हजार रुपये निकल गए।
खाते से रकम कटने का मैसेज मिलने पर उन्होंने तुरंत कॉलर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल नंबर बंद मिला।
ठगी का एहसास होने पर धनपाल ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।