
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। क्रेडिट कार्ड चालू कराने के नाम पर एक युवक से 73 हजार रुपये से अधिक की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाज ने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड शाखा का अधिकारी बताकर पहले पेनाल्टी का डर दिखाया, फिर लिंक भेजकर ओटीपी हासिल कर लिया और खाते से रकम उड़ा दी।
करीब तीन साल की जांच के बाद साइबर क्राइम ब्रांच ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार फरियादी निखिल साहू, निवासी कस्तूरबा नगर, एमपी नगर जोन-2, भोपाल ने शिकायत दर्ज कराई थी।
निखिल मूल रूप से विदिशा के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने एसबीआई का एक नया क्रेडिट कार्ड बनवाया था, जिसे लंबे समय तक एक्टिव नहीं कराया था। अक्टूबर 2022 की सुबह उनके मोबाइल पर नंबर काल आया। मोबाइल पर उसका नाम अमर कुमार दिख रहा था। कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड शाखा का कर्मचारी बताते हुए कहा कि यदि आज ही कार्ड एक्टिव नहीं कराया गया तो 13 हजार रुपये की पेनाल्टी लग जाएगी।
घबराकर निखिल ने उसकी बातों पर भरोसा कर लिया। आरोपित ने एक लिंक भेजी और कार्ड एक्टिवेशन की प्रक्रिया बताई। इसी दौरान ओटीपी मांगा गया, जिसे निखिल ने साझा कर दिया। ओटीपी मिलते ही उनके क्रेडिट कार्ड की 90 हजार की लिमिट में से 73,045 रुपये निकाल लिए गए।
यह भी पढ़ें- भोपाल में समय पर सूचना नहीं देने का बहाना बना क्लेम रोका, अब देना होगा 80 हजार का हर्जाना
घटना की जानकारी मिलने पर स्वजनों ने बैंक को सूचना दी और फिर साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत की। जांच में मोबाइल नंबर और पेटीएम बैंक खाते की जानकारी जुटाई गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।