
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में साइबर जालसाज अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। बीते 24 घंटे में साइबर ठगी के 25 मामले सामने आए हैं। जिसमें पीड़ितों से 15 लाख रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी की गई। किसी को बैंक के क्रेडिट कार्ड वेरिफिकेशन के नाम पर झांसा दिया गया, तो किसी को सीआरपीएफ अधिकारी का सामान सस्ते में दिलाने और कपड़े वापस कराने के बहाने ठगा गया। जालसाजों ने मोबाइल का एक्सेस लेकर और यूपीआइ ट्रांजेक्शन के जरिए खातों से रकम निकाल ली।
पिपलानी के सोनागिरी निवासी भेल कर्मचारी कमलेश कुमार पटेल को 22 सितंबर को एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को बैंक के वेरिफिकेशन विभाग का कर्मचारी बताया। आरोपिच ने एसबीआइ और फेडरल बैंक के क्रेडिट कार्ड का वेरिफिकेशन करने के नाम पर कार्ड की जानकारी ली और गूगल पर कुछ सर्च करने को कहा। इसके बाद मोबाइल का एक्सेस उसके हाथ में चला गया। कुछ देर में फेडरल बैंक से 90 हजार और एसबीआइ से 90-90 हजार रुपये की दो ट्रांजेक्शन कर कुल 2.70 लाख रुपये निकाल लिए गए।
शाहपुरा निवासी नरेंद्र रैकवार के आइडीबीआइ बैंक खाते से 24 और 25 सितंबर को गूगल पे के जरिए ठगी की गई। जालसाजों ने 30-30 हजार रुपये की तीन और 22 हजार रुपये की एक ट्रांजेक्शन कर कुल 1.12 लाख रुपये निकाल लिए। नरेंद्र को खाते से रकम निकलने की जानकारी 28 सितंबर को हुई। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल में शिकायत की।
अशोका गार्डन निवासी मनोज साहू के पंजाब नेशनल बैंक खाते से 24 और 25 सितंबर को पांच यूपीआइ ट्रांजेक्शन के जरिए 1.62 लाख रुपये निकाल लिए गए। शिकायत में अज्ञात लिंक के जरिए ठगी किए जाने की बात सामने आई है। आरोपितों ने खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर रकम निकाल ली। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
अवधपुरी निवासी 70 वर्षीय सत्यार्थ प्रकाश अग्रवाल को परिचित के जरिए सीआरपीएफ अधिकारी का घरेलू सामान बेचने का झांसा दिया गया। आरोपितों ने टीवी, फ्रिज, एसी और सोफा समेत अन्य सामान देने के नाम पर पहले 60 हजार रुपये लिए। इसके बाद सिक्योरिटी चार्ज के नाम पर 40 हजार और फिर 21 हजार रुपये और जमा करा लिए। कुल 1.21 लाख रुपये लेने के बाद आरोपितों ने संपर्क बंद कर दिया।
यह भी पढ़ें- राजगढ़ में फर्जीवाड़ा... सफाईकर्मी की मौत के बाद 9 महीने तक निकाला वेतन, CMHO और लेखापाल निलंबित
कोलार निवासी रुचि गुप्ता को कपड़े वापस कराने के नाम पर वीडियो काल के जरिए ठगी का शिकार बनाया गया। जालसाजों ने अलग-अलग यूपीआइ ट्रांजेक्शन और फ्लिपकार्ट वाउचर के माध्यम से उनके खाते से कुल 1.44 लाख रुपये निकाल लिए। रुचि की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।