भोपाल : बाजार में बिक रहीं पाकिस्तानी 'गौरी' और 'चांदनी' क्रीम, जांच में मिले खतरनाक केमिकल
मध्य प्रदेश के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 'गौरी ब्यूटी क्रीम' और 'चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम' को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, इनमें निर्धारित सीमा से अधिक भारी धातुएं मौजूद हैं।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 12:48:34 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 12:48:34 PM (IST)
पाकिस्तानी स्किन क्रीमों का इस तरह ऑनलाइन प्रचार किया जा रहा है। सौ- विभागHighLights
- दो पाकिस्तानी क्रीम पर स्वास्थ्य अलर्ट
- बिना आयात पंजीयन बिक्री पर रोक
- दुकानदारों और उपभोक्ताओं को निर्देश
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गोरा बनाने और खूबसूरती बढ़ाने का दावा करने वाली क्रीम लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। मध्य प्रदेश के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पाकिस्तान निर्मित दो कास्मेटिक उत्पादों को लेकर सार्वजनिक स्वास्थ्य अलर्ट जारी किया है।
इनमें 'गौरी ब्यूटी क्रीम' और 'चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम' शामिल हैं। विभाग के मुताबिक, इन उत्पादों में निर्धारित सीमा से अधिक भारी धातुएं (हेवी मेटल्स) मौजूद हैं, जो शरीर पर जहरीला प्रभाव डाल सकती हैं। इसके बावजूद इंटरनेट मीडिया और बाजार के माध्यम से इनकी बिक्री की आशंका सामने आई है।
बिना अनुमति हो रही बिक्री
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक मनोज पुष्प द्वारा शनिवार को जारी सार्वजनिक सूचना में बताया गया है कि केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ), नई दिल्ली ने 8 सितंबर 2026 को जारी सूचना में स्पष्ट किया था कि इन उत्पादों के आयात का पंजीयन सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी नहीं किया गया है। ऐसे में इन्हें भारतीय बाजार में बेचने की अनुमति नहीं है।
विभाग ने उपभोक्ताओं को इन क्रीमों की खरीद और इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है। यदि किसी ने इन्हें खरीद लिया है तो इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई है। साथ ही समान नाम वाले दूसरे उत्पादों से भी सावधान रहने को कहा है।
वैध कास्मेटिक की पहचान
- मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस नंबर।
- निर्माता का नाम और पता।
- बैच नंबर।
- निर्माण और एक्सपायरी की तारीख।
- आयातित उत्पाद पर आयात पंजीयन/लाइसेंस और निर्यातक देश के निर्माता का विवरण।
जिला औषधि निरीक्षकों को इन उत्पादों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखने और दुकानदारों, थोक विक्रेताओं तथा वितरकों को इनकी बिक्री, वितरण और विज्ञापन नहीं करने की चेतावनी देने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि कहीं ये उत्पाद बिकते दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल विभाग या जिला औषधि निरीक्षक को दें।- मनोज पुष्प ,नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन