
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र स्थित लेकपर्ल कॉलोनी में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। दतिया में पदस्थ 45 वर्षीय आरटीओ (RTO) इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की उनके ही दोस्त पवन द्विवेदी के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को मृतका के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
पुलिस को घटनास्थल से शव के पास ही एक खून से सना हुआ हथौड़ा मिला है, जिससे वारदात में इसी हथियार के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। वारदात जिस मकान में हुई, वह मृतका के दोस्त पवन द्विवेदी का ही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संजीव पाठक के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पवन द्विवेदी, मीनाक्षी गोखले से शादी करना चाहता था। हालांकि, मीनाक्षी इस विवाह के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं। पुलिस को अंदेशा है कि रविवार देर रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद हुआ होगा।
यह भी पढ़ें- भोपाल में तंबाकू-गुटखा फैक्ट्री पर GST का छापा, 60 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी पकड़ी, मालिक गिरफ्तार
विवाद बढ़ने पर आपा खोकर पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पवन ने घर से महज 20 मीटर की दूरी पर स्थित एक पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस को तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक बैंक पासबुक भी बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।