नईदुनिया स्टिंग: मुकेश विश्वकर्मा/अनुज मैना, भोपाल। स्वास्थ्य विभाग में चल रही एएनएम भर्ती का खुलेआम सौदा हो रहा है। इस खेल को उजागर करने के लिए 'नईदुनिया' ने खुफिया कैमरे पर दलालों से सौदेबाजी रिकॉर्ड की है। रिपोर्टर ने अभ्यर्थी बनकर एक बिचौलिए से संपर्क किया तो उसने 2024 बैच की एएनएम अभ्यर्थी के लिए 2.60 लाख रुपये और 2023 बैच के लिए 2.25 लाख रुपये मांगे।
बातचीत में उसने लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अपर मिशन संचालक डॉ. वंदना खरे के माध्यम से नौकरी लगवाने का दावा किया। इतना ही नहीं, पूरी रकम मिलने पर नियुक्ति पत्र दिलाने और काम नहीं होने पर रुपये लौटाने का भरोसा भी दिया।
जवाब देने से बच रहे जिम्मेदार
वंदना खरे का पक्ष जानने के लिए उन्हें फोन किया तो उन्होंने कहा कि वह शहर से बाहर हैं और भोपाल लौटकर इस पर बात करेंगी। इसके बाद उन्हें वाट्सएप पर भी संदेश भेजा गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
बता दें, मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की ओर से समूह-5 भर्ती परीक्षा-2023 और 2024 का आयोजन किया गया था। इसमें स्टाफ नर्स, महिला बहुउद्देश्यीय कार्यकर्ता यानी एएनएम, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी और अन्य समकक्ष पद की सीधी भर्ती और बैकलाग सीधी भर्ती के लिए कुल 4792 पद का विवरण जारी किया गया था। इसमें अकेले एएनएम के 2612 पद थे। इनमें सीधी भर्ती के 1290 पद और बैकलाग सीधी भर्ती के 1322 पद शामिल थे।
दलाल और रिपोर्टर की बातचीत
रिपोर्टर: भैया मैं विदिशा से आया हूं। आपसे फोन पर बात हुई थी। एएनएम भर्ती है आप करवा दोगे।
दलाल: किसका करवाना है।
रिपोर्टर: मेरी पत्नी है। दलाल: ऑनलाइन फार्म भरा है क्या।
रिपोर्टर: हां।
रिपोर्टर : पहले आप यह तो बताओ जुगाड़ हो जाएगा।
दलाल: 2024 का है तो 2.60 लाख रुपये लगेंगे। 2023 का है तो सवा दो लाख लगेंगे। च्वाइस फिलिंग भर देना। फार्म भरकर एक कॉपी मेरे को भेज देना। मैडम को दे दूंगा।
रिपोर्टर: पहले कितना देना पड़ेगा?
दलाल: प्रक्रिया पूरी होने से दो दिन पहले पूरा पेमेंट ले लेते हैं। दस्तावेज पूरा होने के बाद फाइनल बता देंगे। काम नहीं होगा तो पैसे वापस मिल जाएंगे। मैं खानूगांव में रहता हूं। आपको अपना घर दिखा दूंगा। भाई, इसमें आपको एक ही बार पैसा देना है, बार-बार नहीं देना है।
जिस काम के लिए बात हुई है, वह काम हो जाएगा। जितनी बात हुई है, ढाई की बात हुई है तो ढाई लाख रुपये हो जाएंगे। अपना काम हो जाएगा और संबंधित आदमी (जिसकी नौकरी लगनी है) भी किसी परेशानी में नहीं आएगा। आपको नियुक्ति पत्र मिल जाएगा। लेकिन जगह की गारंटी नहीं होगी।
एएनएम भर्ती के नाम पर पैसे मांगने के मामले की जांच करवाई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - मनोज पुष्प, संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, मध्य प्रदेश