दतिया उपचुनाव का रास्ता साफ, जल्द अधिसूचना जारी कर सकता है निर्वाचन आयोग
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर मंथन तेज हो गया है। पार्टी अवधेश नायक या पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के बेटे (अंकित/अर्जुन भारती) में से किसी एक पर दांव लगाने की रणनीति बना रही है।
Publish Date: Wed, 27 May 2026 08:46:17 PM (IST)Updated Date: Wed, 27 May 2026 08:51:55 PM (IST)
दतिया में होगा उप चुनाव।HighLights
- दो अक्टूबर के पहले इस सीट को भरना होगा।
- बारिश के मौसम में चुनाव सामान्यत: नहीं होते
- जून में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। दतिया से कांग्रेस विधायक रहे राजेंद्र भारती के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने तीसरी बार 14 जुलाई तक के लिए सुनवाई टाल दी है। उन्हें आपराधिक प्रकरण में सजा होने के बाद विधानसभा ने दो अप्रैल को सीट रिक्त घोषित कर दी थी।
छह माह में चुनाव कराने की व्यवस्था की दृष्टि से दो अक्टूबर के पहले इस सीट को भरना होगा। बारिश के मौसम में चुनाव सामान्यत: नहीं होते, इस कारण निर्वाचन आयोग जून में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है।
उधर, इस सीट पर चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने प्रत्याशी चयन से लेकर हर स्तर पर तैयारी भी प्रारंभ कर दी है। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को एक पुराने मामले में सजा मिलने के कारण यह सीट खाली हुई है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार, दतिया प्रशासन ने जिले के सभी 291 मतदान केंद्रों के लिए लगभग 600-600 ईवीएम और वीवीपीएट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग की प्रक्रिया 19 मई से शुरू कर दी है।
निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों और प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की हैं।
सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए दलों से उनके अधिकृत प्रतिनिधियों के नाम और दस्तावेज भी जमा कराए गए हैं। निर्वाचन आयोग के मानक प्रोटोकाल के तहत हाल की वेबकास्टिंग, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, और भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड के इंजीनियरों की देखरेख में तकनीकी जांच की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
भाजपा लगा सकती है नरोत्तम मिश्रा पर दांव
- दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को उम्मीदवार बनाए जाने की पूरी संभावना है।
- कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता निरस्त होने के बाद इस सीट पर उपचुनाव तय हो गया है।
- नरोत्तम मिश्रा फिर से मैदान में उतरकर अपनी राजनीति की मुख्यधारा में वापसी की तैयारी में जुट गए हैं।
- 2023 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद से ही नरोत्तम मिश्रा इस क्षेत्र में पूरी तरह सक्रिय हैं।
- उन्हें भाजपा आलाकमान का समर्थन मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं।
कांग्रेस अवधेश नायक या भारती के बेटे पर दांव लगाने को तैयार
- दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर मंथन तेज हो गया है। पार्टी अवधेश नायक या पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के बेटे (अंकित/अर्जुन भारती) में से किसी एक पर दांव लगाने की रणनीति बना रही है।
- कानूनी पेचों के कारण राजेंद्र भारती के खुद चुनाव न लड़ पाने की स्थिति को देखते हुए नए विकल्पों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
- पिछले दिनों दिल्ली में राजेंद्र भारती ने अपने बेटे के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी।
- इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात के बाद दतिया के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि भारती परिवार की राजनीतिक विरासत को बचाने के लिए उनके युवा बेटे को मैदान में उतारा जा सकता है।
- राजेंद्र भारती के बेटे को उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस स्थानीय स्तर पर सहानुभूति का फायदा उठाने की तैयारी में है।
- वहीं, कांग्रेस अगर अवधेश नायक को आगे करती है तो भाजपा के कोर ब्राह्मण और संघ समर्थित वोटों में सेंध लगाने की रणनीति काम आ सकती है।