अमेरिका, UAE और यूरोप में बढ़ी MP के कोदो-कुटकी की डिमांड, खरीदी का लक्ष्य 10 गुना बढ़ाया
सरकार ने खरीदी का लक्ष्य तीन हजार टन से बढ़ाकर 32,500 टन कर दिया है। कुटकी का खरीदी मूल्य 3500 से बढ़ाकर 3600 रुपये प्रति क्विंटल और कोदो का 2500 से बढ़ाकर 2600 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 12:51:43 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 12:51:43 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयारHighLights
- कोदो-कुटकी की खरीदी का लक्ष्य 3 हजार से बढ़ाकर 32,500 टन किया
- तीन वर्षों में मोटे अनाजों का 550 करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात
- किसानों को प्रति क्विंटल एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि, 15 हजार से अधिक पंजीयन
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के कोदो, कुटकी और समां की मांग संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), अमेरिका और यूरोप में तेजी से बढ़ रही है। पिछले तीन वर्षों में इन मोटे अनाजों का 550 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का निर्यात हुआ है। वर्ष 2024-25 में 183 करोड़ रुपये और 2025-26 में 224.32 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ। वर्ष 2026 में अब तक 142.55 करोड़ रुपये का निर्यात दर्ज किया गया है।
10 गुना बढ़ाया खरीदी का लक्ष्य
सरकार ने खरीदी का लक्ष्य तीन हजार टन से बढ़ाकर 32,500 टन कर दिया है। कुटकी का खरीदी मूल्य 3500 से बढ़ाकर 3600 रुपये प्रति क्विंटल और कोदो का 2500 से बढ़ाकर 2600 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। उपज बेचने के लिए इस बार 15 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। डिंडौरी की सिताही और नागदमन कुटकी को जीआई टैग मिला है।
किसानों को प्रति क्विंटल एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि
अंतरराष्ट्रीय मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय क्षेत्रों में कोदो-कुटकी की पारंपरिक किस्मों के संरक्षण और उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश कृषि विशेषज्ञों को दिए हैं।
सीधी, जबलपुर, डिंडौरी, मंडला और छिंदवाड़ा के किसानों को इससे जोड़ने पर जोर है। सरकार 16 जिलों में रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत खरीदी कर रही है। किसानों को प्रति क्विंटल एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।