
राजधानी में अब तक तीन की मौत, मरीजों की संख्या 65 पर पहुंची
भोपाल (नप्र)। राजधानी में डेंगू से एक संदिग्ध मरीज की मौत हो गई है। वह रायसेन जिले का रहना वाला था। डेंगू की रैपिड किट जांच में उसे डेंगू की पुष्टि हुई है। एलाइजा टेस्ट के लिए सैंपल जेपी अस्पताल भेजे गए हैं। मंगलवार को इसकी जांच होगी। इस सीजन में राजधानी में डेंगू से तीन मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें से दो राजधानी से बाहर के थे।
सूत्रों ने बताया कि डेंगू के लक्षण मिलने पर मरीज को मिरेकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां सोमवार को उसकी मौत हो गई है। देर से सैंपल भेजने की वजह से सोमवार को जेपी अस्पताल में एलाइजा की जांच नहीं हो सकी है। इसके अलावा दो डेंगू के दो नए मरीज भी सामने आए हैं। इनमें एक सुनहरी बाग और दूसरा प्रदेश के बाहर का रहने वाला है। पुणे से छिदवाड़ा जाते हुए तेज बुखार होने पर उसे परिजनों ने उसे रेडक्रास अस्पताल में भर्ती कराया है। इन दो मरीजों के साथ इस साल डेंगू मरीजों का आंकड़ा 65 के पार पहुंच गया है।
दो-दो बिस्तर का आइसोलेशन वार्ड बनाएं
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन संचालक फैज अहमद किदवई ने सभी जिला अस्पतालों में दो बिस्तर का आइसोलेशन वार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्हें डेंगू मरीजों को मच्छरदानी में रखने के लिए कहा गया है।