
सौरभ सोनी, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में आंगनबाड़ी भवन और शौचालय बनाने के लिए सरकार ने बजट तो दिया, लेकिन मैदानी स्तर पर ठीक से काम नहीं हुआ। स्थिति यह है कि 6,700 आंगनबाड़ी भवन नहीं बने और 10,479 आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल सुलभ शौचालयों का निर्माण ही नहीं हुआ।
वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच 13,982 बाल-सुलभ शौचालयों के निर्माण के लिए 36,000 प्रति शौचालय की दर से 50.33 करोड़ रुपये भी दिए गए, लेकिन 1,442 ही बन पाए, जबकि 10,479 शौचालयों का निर्माण आज भी अधूरा है।
इसी तरह साल 2025-26 के लिए स्वीकृत 2,940 आंगनबाड़ी भवनों के लिए मार्च 2026 में ही 8.52 लाख प्रति भवन के हिसाब से राशि जिला पंचायतों को दे दी गई, लेकिन अब तक मात्र 60 भवनों का ही काम शुरू हो पाया है। शेष करीब 2,940 भवनों की नींव तक नहीं रखी गई है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम-जनमन और धरती-आबा योजनाओं का भी यही हाल है।
पीएम-जनमन (2023-24) के 217 में से 36 भवन अधूरे हैं। वर्ष 2024-25 और 2025-26 के करीब 487 स्वीकृत भवनों में से 169 भवनों का निर्माण शुरू ही नहीं हुआ। इसमें शिवपुरी में सर्वाधिक 44 और गुना में 18 भवन शामिल हैं। धरती-आबा योजना में भी देवास समेत कई जिलों में काम रुका हुआ है।
2024-25 के लगभग 1,780 स्वीकृत भवनों (12 लाख प्रति भवन की पूरी राशि जारी होने के बावजूद) केवल 195 ही पूरे हुए हैं। बाकी करीब 1,587 भवन अधूरे हैं या शुरू नहीं हुए (जिनमें से 335 की नींव भी नहीं खुदी)। भिंड, नरसिंहपुर, हरदा, मैहर, रीवा और अनूपपुर जैसे जिलों में तो एक भी भवन का काम शुरू नहीं हो सका है।
2023-24 से पहले के लगभग 2,700 पुराने भवनों को पूरा करने के लिए मंत्रिपरिषद से एकमुश्त अंतर राशि मंजूर कराई गई थी। इसके बावजूद करीब 1,600 भवन (1,086 अधूरे और 509 अप्रारंभ) अब भी तैयार नहीं हो पाए हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी बोर्ड ने किया बड़ा बदलाव, 10वीं और 12वीं में होंगे इतने नंबर के एग्जाम, परीक्षाओं की अंक योजना जारी
निर्माण कार्यों की रियल-टाइम निगरानी के लिए विकसित किए गए एमआईएस (संपर्क ऐप) पर जिला कार्यक्रम अधिकारियों (महिला एवं बाल विकास विभाग) द्वारा वास्तविक प्रगति की जानकारी अपडेट नहीं की जा रही।
इन कार्यों में महिला एवं बाल विकास विभाग (जो राशि आवंटित और मॉनिटर करता है) और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (जो निर्माण कराता है) के बीच तालमेल की कमी के कारण भी कई परियोजनाएं लंबित रहीं।
आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कार्य तकनीकी विभागों से कराया जाता है। इन कार्यों के लिए संबंधित विभाग को बजट दे दिया है। समीक्षा में यह बात सामने आई है कि कई जिलों में भवनों का निर्माण नहीं हुआ है। हमने पुनः संबंधित विभागों को शीघ्र निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कहा है। - निर्मला भूरिया, मंत्री मप्र महिला एवं बाल विकास विभाग