Dial 100 in MP: मध्य प्रदेश में डायल 100 का 642 करोड़ का टेंडर निरस्त, नए सिरे से होगा
Dial 100 in MP: डायल 100 के लिए खरीदे जाने वाले वाहनों का पिछले दिनों निकाला गया टेंडर इस वजह से हुआ निरस्त।
By Prashant Pandey
Edited By: Prashant Pandey
Publish Date: Mon, 19 Jul 2021 02:06:21 PM (IST)
Updated Date: Mon, 19 Jul 2021 02:08:11 PM (IST)

भोपाल (नवदुनिया स्टेट ब्यूरो), Dial 100 in MP। विवादों में उलझा डायल-100 का 642 करोड़ रुपये का टेंडर निरस्त कर दिया गया है। अब नए सिरे से प्रक्रिया शुरू होगी। टेंडर हासिल करने वाली छत्तीसगढ़ की कंपनी के दस्तावेज फर्जी होने की शिकायत हुई थी। हालांकि पुलिस की जांच में यह आरोप सही नहीं पाए गए थे। डायल-100 के लिए खरीदे जाने वाले वाहनों के लिए निकाला गया टेंडर पिछले दिनों निरस्त कर दिया गया। इस टेंडर प्रक्रिया में जीवीके इएमआरआइ और अशोका बिल्डकॉन कंपनी ने हिस्सा लिया था। अशोका बिल्डकॉन ने एबीपी ट्रेवल्स एंड फेसिलिटी मैनेजमेंट के साथ संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। इसमें एबीपी के अनुभव के प्रमाण पत्र लगाए गए और इसी आधार पर ठेका मिला। इस पर जीवीके ने शिकायत की कि अशोका बिल्डकॉन ने गलत दस्तावेज लगाकर टेंडर हासिल किया है। पुलिस जांच में यह शिकायत सही नहीं पाई गई। जानकारी के अनुसार, जीवीके की टेंडर राशि 692 तो अशोका बिल्डकॉन की टेंडर राशि 642 करोड़ रुपये थी।
योजना का प्रारूप बदला : डायल-100 के लिए खरीदे जाने वाले वाहनों के लिए योजना का प्रारूप बदला गया है। अब 1200 वाहनों के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। टेलीकॉम एंड रेडियो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय झा ने बताया कि टेंडर पिछले दिनों निरस्त कर दिया गया है। टेंडर को लेकर हुए विवाद में जांच करवाई गई थी। इसमें दस्तावेजों को सही पाया गया था। अब नए प्रारूप के तहत टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।