
Dial-100 : भोपाल (राज्य ब्यूरो)। लोगों को पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने वाले डायल-100 वाहनों के संचालन के लिए चार कंपनियों ने रुचि दिखाई है। अब इनमें से सबसे कम दर पर सेवा देने को तैयार कंपनी को जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए वित्तीय निविदा अगले माह खोली जाएगी।
अभी संचालन कर रही कंपनी का कार्यकाल दो वर्ष पहले ही पूरा हो चुका है। उसे चार बार सेवा विस्तार दिया गया है। नई कंपनी के आने के साथ ही वाहनों की संख्या और अन्य सुविधाएं बढ़ेंगी।
अभी प्रदेश में डायल-100 वाहनों में सफारी गाड़ियां चल रही हैं। इनकी संख्या करीब एक हजार है। सात साल पुराने वाहन होने की वजह से मापदंड से ज्यादा वाहन मरम्मत के लिए वर्कशाप में रहते हैं। पुराने वाहनों की गति भी प्रभावित हुई है जिससे वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी होती है।
नई कंपनी के आने के बाद वाहनों की संख्या एक हजार से बढ़कर दो हजार हो जाएगी। साथ ही नए और अच्छे वाहन होने पर शहरी क्षेत्र में पांच मिनट और ग्रामीण क्षेत्र में 15 मिनट में वाहन पहुंचेंगे।
वाहनों में सीसीटीवी कैमरे लगे रहेंगे, जिनसे घटनास्थल की रिकार्डिंग होगी। इनके माध्यम से राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी। वाहन में तैनात पुलिसकर्मियों की वर्दी पर भी कैमरे लगे रहेंगे