
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। दशहरा पर्व के शुभ अवसर पर 20 अक्टूबर को प्रदेश के समस्त नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 एवं 2.0 के अंतर्गत पूर्ण आवासों में वृहद स्तर पर गृह प्रवेश दिवस मनाया जाएगा।
इस अवसर पर योजना के पात्र हितग्राही परिवार अपने नवनिर्मित आवासों में प्रवेश कर घर के सपने को साकार करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत केवल पूर्ण एवं जियो-टैगिंग किए गए आवासों में ही गृह प्रवेश कराया जाएगा। इसके लिए सभी निकायों को ऐसे पूर्ण आवासों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
गृह प्रवेश दिवस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं हितग्राही परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिलों में प्रभारी मंत्रियों की उपस्थिति में आयोजन की तैयारी है।
हितग्राही परिवारों की सूची तैयार करने के साथ आवासों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, आकर्षक सजावट और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लोगो लगाने सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
साथ ही हितग्राही परिवारों की खुशियों, उनके अनुभवों और आवास मिलने से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- रतलाम के 1.18 लाख बिजली उपभोक्ताओं को राहत, बिल में 1.11 करोड़ की मिली छूट, कई जिलों को भी फायदा
इसके लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे के निर्देश पर उच्च गुणवत्ता वाले फोटो, वीडियो एवं हितग्राहियों के अनुभव आधारित वक्तव्य तैयार किए जाएंगे। 'घर हुआ अपना, पूरा हुआ सपना' के ध्येय वाक्य के साथ गृह प्रवेश दिवस का उद्देश्य इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाना और हितग्राही परिवारों की खुशियों को साझा करना है।