भोपाल में DRI का बैक-टू-बैक ऑपरेशन; 3.5 करोड़ की 4.38 किलो एम्फेटामिन जब्त, नाइजीरियाई महिला समेत 2 अरेस्ट
भोपाल जंक्शन और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई कर कुल 4.38 किलो एम्फेटामिन जब्त की गई। जब्त एम्फेटामिन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.5...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 26 Sep 2026 06:12:47 PM (IST)Updated Date: Sat, 26 Sep 2026 06:12:47 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- DRI की दो बड़ा एक्शन, कुल 4.38 किलो एम्फेटामिन जब्त की
- भोपाल जंक्शन और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई
- जब्त एम्फेटामिन की कीमत करीब 3.5 करोड़, दो गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने भोपाल में लगातार दो कार्रवाई करते हुए 4.38 किलो एम्फेटामिन ड्रग जब्त की है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये बताई गई है। DRI ने दोनों मामलों में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाइजीरियन महिला भी शामिल है। दोनों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेज (NDPS) एक्ट, 1985 के तहत कार्रवाई की गई है।
भोपाल जंक्शन पर पकड़ा गया पहला तस्कर
डीआरआई को 23 सितंबर को सूचना मिली थी कि हजरत निजामुद्दीन से ट्रेन के जरिए एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर भोपाल आ रहा है। सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने भोपाल जंक्शन पर निगरानी शुरू की। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर संदिग्ध यात्री को रोककर उसके सामान की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके नीले रंग के डफल बैग से तीन पॉलिथीन पैकेट मिले। इनमें सफेद क्रिस्टल जैसा पदार्थ भरा हुआ था। वजन करने पर पदार्थ की मात्रा 2.014 किलो निकली। NDPS फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर पदार्थ एम्फेटामिन पाया गया। इसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर ड्रग जब्त कर ली गई।
रानी कमलापति स्टेशन पर नाइजीरियन महिला गिरफ्तार
डीआरआई ने अगले दिन यानी 24 सितंबर को दूसरी कार्रवाई की। इस दौरान आगरा कैंट से ट्रेन के जरिए रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंची एक नाइजीरियन महिला यात्री को इंटरसेप्ट किया गया। उसके बैग की तलाशी लेने पर चार सलवार-कुर्तों के अंदर छिपाकर रखे गए चार पैकेट मिले।
इन पैकेटों में क्रिस्टल के रूप में 2.368 किलो एम्फेटामिन बरामद हुई। जांच के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
कुल 4.38 किलो एम्फेटामिन जब्त
दोनों कार्रवाइयों में डीआरआई ने कुल 4.382 किलो एम्फेटामिन जब्त की है। एजेंसी के अनुसार, जब्त ड्रग की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये है। दोनों आरोपितों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
डीआरआई इस बात की भी जांच कर रही है कि जब्त की गई ड्रग कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना
था। एजेंसी ड्रग तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपितों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कार्रवाई
डीआरआई ने कहा है कि भारत सरकार के 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत देशभर में ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई जारी है। एजेंसी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को खत्म करने के लिए खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार ऑपरेशन किए जा रहे हैं।