
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बजरिया थाना क्षेत्र के द्वारिका नगर में शराब पीने से रोकने पर पति ने बनियान से पत्नी का गला घोंटकर हत्या की कोशिश की। महिला ने पति के हाथ पर दांत से काटकर खुद को छुड़ाया और घर से भागकर जान बचाई। घटना के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस के अनुसार 48 वर्षीय सरोज ठाकुर गृहिणी हैं। उनके पति हुकुम सिंह ठाकुर निजी काम करते हैं और शराब के आदी हैं। दंपती के तीन बच्चे हैं।
गुरुवार रात करीब 11:30 बजे शराब के नशे में घर पहुंचे हुकुम सिंह का पत्नी से विवाद हो गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज और मारपीट के बाद बनियान से सरोज का गला घोंटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो वह भाग निकला।
बच्चों ने मां को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने अस्पताल में सरोज के बयान दर्ज किए हैं। उनके गले पर दबाव के निशान मिले। अस्पताल से छुट्टी के बाद शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और प्रताड़ना की धाराओं में केस दर्ज करवाया है।