तेज बारिश से बैरागढ़ का खेल मैदान लबालब, खिलाड़ियों ने निकाला पानी, गांव की सड़कें भी खराब
दशहरा मैदान पर स्थित विजया राजे सिंधिया स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के सामने का हिस्सा पोखर में तब्दील हो गया।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Fri, 07 Jan 2022 04:06:08 PM (IST)
Updated Date: Fri, 07 Jan 2022 04:06:08 PM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। मौसम में अचानक हुए बदलाव के साथ ही भोपाल में झमाझम बारिश हुई। गुरुवार देर रात शुरु हुई बौछारों का सिलसिला रुक-रुककर सुबह नौ बजे तक चलता रहा। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में भी गुरुवार देर रात को और शुक्रवार को सुबह तेज बारिश हुई। बारिश से कई सड़कें कीचड़ से सराबोर हो गई हैं। संत हिरदाराम नगर का दशहरा मैदान भी लबालब हो गया है। यहा आज खिलाड़ी बैडमिंटन नहीं खेल सके। खिलाड़ियों ने पानी निकास की व्यवस्था की।
दशहरा मैदान पर स्थित विजया राजे सिंधिया स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के सामने का हिस्सा पोखर में तब्दील हो गया। सुबह यहां खिलाड़ियों ने स्थिति देखी तो हैरान रह गए। खेल संगठन से जुड़े अशोक ताराचंदानी एवं नारी चांद ने बताया कि नगर निगम को सूचना दी गई। खिलाड़ियों ने स्वयं भी प्रयास करके पानी निकासी की व्यवस्था की। मैदान में आज खेल खेल स्पर्धा नहीं हो सकी। स्पोर्ट्स कंपलेक्स के अंदर भी काफी कम संख्या में लोग पहुंचे।
ग्रामीण इलाकों में बारिश से सड़कों की खराब
नगर निगम सीमा में शामिल बैरागढ़ कलां एवं ग्राम भोंरी पहुंच मार्ग पर कीचड़ फैल गया है। पूर्व पार्षद अशोक मारन ने बताया कि पहुंच मार्ग पर लंबे समय से नए सिरे से निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन शासन ने ध्यान नहीं दिया है। मामूली बारिश से इस सड़क पर कीचड़ फैल गया है वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में रहवासियों की आवाजाही होती है। किसान भी इसी मार्ग से निकलते हैं। सड़क पर कीचड़ फैलने से लोग परेशान हो रहे हैं। फिसलन से वाहन चालकों को दुर्घटना का भय सता रहा है।