• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • दिवाली पूजन 2026
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • भोपाल

भोपाल: 5.5 लाख की ठगी पर थाने में रैपिडो ड्राइवर ने खाया जहर, 13 मिनट के वीडियो में बताई पुलिस की बेरुखी

पुलिस कमिश्नर कार्यालय से थाने तक कार्रवाई के लिए भटकता रहा युवक, पांच घंटे इंतजार के बाद खाया जहर, मरने से पहले 13 मिनट के वीडियो में सुनाई आपबीती।

By prashant vyasEdited By: ADITYA KUMAR
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 09:38:50 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 09:38:50 PM (IST)
  • को पसंदीदा स्रोत बनाएं preferred source google
भोपाल: 5.5 लाख की ठगी पर थाने में रैपिडो ड्राइवर ने खाया जहर, 13 मिनट के वीडियो में बताई पुलिस की बेरुखी
भोपाल: 5.5 लाख की ठगी पर थाने में रैपिडो ड्राइवर ने खाया जहर

HighLights

  1. मुद्रा लोन दिलाने के नाम पर युवक से साढ़े पांच लाख ठगे
  2. थाने में सुनवाई न होने पर आगंतुक कक्ष में खाया सल्फास
  3. मरने से पहले 13 मिनट के वीडियो में बयां किया पुलिस का दर्द

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पुलिस कमिश्नर कार्यालय से थाने तक कार्रवाई के लिए भटकता रहा युवक, पांच घंटे इंतजार के बाद खाया जहर, मरने से पहले 13 मिनट के वीडियो में सुनाई आपबीती। ठगी के मामले में शिकायत करने अशोका गार्डन थाने पहुंचे एक फरियादी की पुलिस ने सुनवाई नहीं की, परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली।

थाने में सुनवाई न होने से आहत युवक ने खाया जहर

मौत से करीब पांच घंटे पहले तक वह कार्रवाई के लिए पुलिस से मिन्नतें करता रहा। जब सुनवाई नहीं हुई तो उसने थाना परिसर में ही सल्फास खा लिया। उसकी तबीयत बिगड़ी तो पुलिस उसे हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान बुधवार रात को उसकी मौत हो गई। मौत से पहले नरेंद्र ने करीब 13 मिनट का एक वीडियो बनाकर ठगी की पूरी कहानी बताने के साथ पुलिस की बेरुखी का दर्द भी बयां किया।


सरकारी अधिकारी बनकर दिलाया लोन का भरोसा, किस्तों में ऐंठे रुपये

मूलतः विदिशा जिले के सतियाखेड़ी गांव का रहने वाला नरेंद्र पिछले करीब 10 साल से पत्नी प्रतीक्षा के साथ अशोका गार्डन क्षेत्र के सेमरा में रह रहा था। वह रैपिडो चलाकर परिवार का खर्च उठाता था। नरेंद्र के अनुसार कटारा हिल्स क्षेत्र में रहने वाले पुलक सक्सेना से उसकी करीब छह साल पुरानी पहचान थी। चार साल पहले पुलक ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर 12 लाख 85 हजार रुपये का मुद्रा लोन दिलाने का भरोसा दिया।

शुरुआत में प्रक्रिया के नाम पर 10,500 रुपये लिए। इसके बाद ऑनलाइन और अन्य खर्च बताकर करीब 25 हजार रुपये और लिए। कुछ समय बाद लोन स्वीकृत होने की बात कहकर 2.85 लाख रुपये मांगे। नरेंद्र ने यह रकम भी अलग-अलग किस्तों में दे दी। इसके बाद प्रक्रिया के नाम पर करीब दो लाख रुपये और ले लिए गए। इस तरह कुल रकम करीब साढ़े पांच लाख रुपये तक पहुंच गई, लेकिन लोन नहीं मिला।

रुपये मांगे तो कहा- जा मर जा, रकम नहीं दूंगा

पत्नी प्रतीक्षा ने बताया कि रकम लेने के बाद पुलक ने बताया कि लोन कराने वाला व्यक्ति रुपये लेकर भाग गया है। जब नरेंद्र ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे जवाब मिला कि मर जाओ, रुपये नहीं दूंगा। लोन नहीं मिलने के बावजूद नरेंद्र पर उधार चुकाने का दबाव बढ़ता गया। पिछले एक साल से वह इस परेशानी से जूझ रहा था। पत्नी का आरोप है कि उसने पहले भी थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को वह पुलिस कमिश्नर कार्यालय भी पहुंचा था। वहां आवक-जावक शाखा में शिकायत देकर रसीद ली थी।

सुबह घर से निकला, शाम को मिली जहर खाने की सूचना

प्रतीक्षा ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे नरेंद्र घर से खाना बनाने की बात कहकर निकला था। वह अशोका गार्डन थाने पहुंचा और दोपहर करीब दो बजे तक पत्नी को कई बार फोन किए। आरोप है कि उसे शाम को आने और टीआई से मिलने के लिए कहा गया था। दोबारा थाने पहुंचने पर भी उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने आगंतुक कक्ष में सल्फास खा लिया। शाम करीब सात बजे पत्नी को थाने से सूचना मिली। हमीदिया अस्पताल पहुंचने पर नरेंद्र ने सल्फास खाने की बात बताई। गुरुवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

13 मिनट के वीडियो में बयां की बेबसी, सरकार से मांगा न्याय

नरेंद्र ने मौत से पहले बनाए वीडियो में पुलक सक्सेना को अपने इस कदम के लिए जिम्मेदार ठहराया। उसने बताया कि किस तरह लोन के नाम पर उससे रकम ली गई, कर्ज बढ़ता गया और रकम वापस मांगने पर भी उसे राहत नहीं मिली। उसने सरकार से आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि कोई दूसरा व्यक्ति इस तरह ठगी का शिकार न हो। वीडियो में उसकी पीड़ा का सबसे अहम पहलू यह था कि वह खुद को कमजोर या बुजदिल नहीं मानता था, लेकिन लगातार ठगी, कर्जदारों के दबाव और मदद के लिए भटकने के बावजूद सुनवाई नहीं होने से वह टूट गया था।

टीआई बोले- दो बार आया, सिर्फ मेरा पता पूछकर चला गया

अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि नरेंद्र ने थाने के बाहर जहर खाया था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के समय वह टीटी नगर क्षेत्र में एक राजनीतिक कार्यक्रम की ड्यूटी पर थे। उनका दावा है कि नरेंद्र दो बार थाने आया था, लेकिन सिर्फ थाना प्रभारी के बारे में पूछकर लौट गया।

युवक ने कमिश्नर कार्यालय में आवक-जावक शाखा में शिकायती आवेदन दिया था। उसकी किसी अधिकारी से मुलाकात नहीं हुई थी। मौत के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। - संजय कुमार, पुलिस कमिश्नर

एक क्लिक पर पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें। Hindi News पढ़ें। MP News, Chhattisgarh news, आज का राशिफल और आज का मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पढ़ें।