
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल वृत्त के ग्रामीण क्षेत्रों में मीटर रीडिंग करने वाले 93 कर्मचारियों का वेतन तकनीकी खामी के कारण काटे जाने का मामला सामने आया है। बिजली आउटसोर्स कर्मचारी संगठन ने आरोप लगाया कि पाश मशीनें उपभोक्ताओं के घर पर रीडिंग लेने के बावजूद वास्तविक स्थान से दो से तीन किलोमीटर दूर की लोकेशन दिखा रही हैं। इसके चलते कर्मचारियों का पिछले तीन महीने में सात से 25 दिन तक का वेतन काटा गया है।
बिजली आउटसोर्स कर्मचारी संगठन के प्रांतीय संयोजक मनोज भार्गव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बिजली कंपनी मुख्यालय में आईटी सेल के इंजीनियर प्रमोद प्रजापति और मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) राकेश शर्मा को ज्ञापन सौंपा। भार्गव ने बताया कि बैरसिया, ईटखेड़ी, ललरिया, सूखी, गुनगा और नजीराबाद सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मशीनें गलत लोकेशन दिखा रही हैं। कई गांवों में नेटवर्क की समस्या भी है।
कर्मचारियों को उपभोक्ताओं का पूरा डाटा नहीं मिलने से परेशानी बढ़ रही है। संगठन के अनुसार, 67 कर्मचारियों का सात से आठ दिन, पांच का 17 दिन और तीन कर्मचारियों का 20 से 25 दिन का वेतन काटा गया है। संगठन ने कटा वेतन वापस करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर 7 और 8 नवंबर को दीपावली के दौरान आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें- इंदौर के 74 गांवों की बदलेगी तस्वीर, आश्रय निधि से मंजूर हुए ₹30.19 करोड़, मूलभूत सुविधाओं का होगा विस्तार