उज्जैन में सम्राट अशोक कालीन रहस्य को 88 साल बाद खोजेगा ASI; दिसंबर से वैश्य टेकरी की खोदाई
उज्जैन की ऐतिहासिक वैश्य टेकरी में दिसंबर 2026 से पुरातात्विक उत्खनन शुरू करने की तैयारी है। एएसआई महानिदेशक ने इसकी अनुमति दी है। वर्ष 1938 में जहरीली गैस निकलने से पहली खोदाई रोक दी गई थी।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 09:43:47 AM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 09:43:47 AM (IST)
उज्जैन की ऐतिहासिक वैश्य टेकरी में दिसंबर 2026 से पुरातात्विक उत्खनन शुरू करने की तैयारी है। सौ- इंटरनेट मीडियाHighLights
- वेश्य टेकरी की 88 साल बाद फिर होगी खोदाई
- मौर्यकालीन सांची से बड़े स्तूप की संभावना
- बौद्ध विरासत के प्रमुख केंद्र के रूप में होगा विकसित
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल । उज्जैन की ऐतिहासिक वैश्य टेकरी में 88 साल बाद एक बार फिर पुरातात्विक उत्खनन होगा। वर्ष 1938 में यहां पहली बार खोदाई की गई थी, लेकिन जहरीली गैस निकलने से कुछ मजदूरों के बेहोश होने के बाद काम रोक दिया गया था। अब भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के महानिदेशक ने दोबारा खोदाई की अनुमति दी है।
दिसंबर 2026 में उत्खनन शुरू करने की तैयारी है। परियोजना का दायित्व भोपाल सर्किल के अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ.शिवाकांत वाजपेयी को सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि मौर्य काल में सम्राट अशोक (268 से 232 ईसा पूर्व) के शासनकाल में इस स्तूप का निर्माण कराया गया था।वैश्य टेकरी इसलिए खास है, क्योंकि यहां सांची के प्रसिद्ध स्तूप से भी बड़ा बौद्ध स्तूप होने की संभावना है।
वर्ष 1938-39 की उत्खनन रिपोर्ट में इसके आधार का व्यास करीब 350 फीट और ऊंचाई कम से कम 100 फीट बताई गई थी,जबकि सांची के मुख्य स्तूप का व्यास करीब 120 फीट और ऊंचाई 54 फीट है। यहां दो छोटे स्तूपों के अवशेष भी मिले थे।
पहली खोदाई में मिले थे 42 मानव कंकाल
बता दें कि पहली खोदाई में वैश्य टेकरी के आसपास के क्षेत्र में 42 मानव कंकाल मिले थे। इनमें बच्चों और वयस्कों के कंकाल भी शामिल थे। कुछ शव दफनाए गए थे तो कुछ के दाह संस्कार के प्रमाण मिले थे। अलग-अलग मुद्राओं में मिले इन कंकालों का रहस्य अब तक पूरी तरह नहीं सुलझा है।
अब उत्खनन से आसपास के पुरातात्विक स्थलों और उस समय की सामाजिक एवं धार्मिक परंपराओं के संबंध समझने में मदद मिल सकती है।
उल्लेखनीय की एएसआई भोपाल सर्किल, मध्य प्रदेश पुरातत्व विभाग के सहयोग से मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान ( मैनिट) के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार से टेकरी के नीचे उपस्थित सामग्री का पता लगाने के लिए अध्ययन किया था। इसकी रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है। सूत्रों के अनुसार एक सप्ताह में रिपोर्ट सामने आ जाएगी
बुद्ध लोक के रूप में विकसित करने की योजना
राज्य सरकार वैश्य टेकरी को बौद्ध विरासत के प्रमुख केंद्र बुद्ध लोक के रूप में विकसित करना चाहती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भी इस परियोजना में विशेष रुचि है