भोपाल में स्कूटी से सप्लाई हो रही थी विदेशी शराब, ₹1.81 लाख का माल जब्त; घोड़ा नक्काश से करोंद तक आबकारी की रेड
भोपाल में आबकारी विभाग की टीमों ने घोड़ा नक्काश और पीएंडटी चौराहे पर कार्रवाई कर विदेशी शराब की 27 बोतलें और दोपहिया वाहन जब्त किए।
Publish Date: Wed, 28 Oct 2026 11:33:02 AM (IST)Updated Date: Wed, 28 Oct 2026 11:33:02 AM (IST)
घोड़ा नक्काश निवासी चंचल साहू को होंडा एक्टिवा से शराब ले जाते पकड़ा गया। सौ- विभागHighLights
- भोपाल में आबकारी विभाग की टीमों ने मारा छापा
- दोपहिया वाहनों से 27 बोतल शराब जब्त की गई
- सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1.81 लाख रुपये
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दीपावली से पहले राजधानी में अवैध शराब के परिवहन और नियमों को ताक पर रखकर शराब पिलाने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को विभाग की अलग-अलग टीमों ने घोड़ा नक्काश, पीएंडटी चौराहा, बैरागढ़ और करोंद क्षेत्र में दबिश देकर अवैध शराब के मामले पकड़े।
इस दौरान दोपहिया वाहनों से विदेशी शराब का परिवहन करते दो लोगों को पकड़ा गया। दोनों मामलों में शराब सहित वाहन जब्त किए गए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1.81 लाख रुपये है। वहीं, होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में देर रात तक अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किए गए।
एक्टिवा से शराब परिवहन, घर की तलाशी में भी मिलीं बोतलें
सहायक जिला आबकारी अधिकारी अर्चना जैन की टीम ने घोड़ा नक्काश निवासी चंचल साहू को होंडा एक्टिवा (एमपी-04-जेडए-6230) से विदेशी शराब का अवैध परिवहन करते पकड़ा। घर की तलाशी के दौरान भी विदेशी शराब की बोतलें मिलीं।
टीम ने कुल 15 बोतल विदेशी शराब और वाहन जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 80,500 रुपये बताई गई है। आरोपित के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पीएंडटी चौराहे पर दूसरी कार्रवाई
सहायक जिला आबकारी अधिकारी शरद मिश्रा की टीम ने पीएंडटी चौराहे के पास ज्यूपिटर दोपहिया वाहन से 12 बोतल विदेशी शराब जब्त की। वाहन और शराब की कुल अनुमानित कीमत 1,00,500 रुपये बताई गई है। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
होटल-ढाबों को सख्त चेतावनी
बैरागढ़ में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति उइके और करोंद क्षेत्र में उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में कार्रवाई की। देर रात तक अवैध रूप से शराब पिलाने और सार्वजनिक रूप से शराब पीने से जुड़े मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए। संचालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिले में गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।- वीरेंद्र सिंह धाकड़, सहायक आबकारी आयुक्त