राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की मंशा के अनुरूप प्रदेश में नया कांग्रेस संगठन तैयार किया जा रहा है। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस में अध्यक्ष, महासचिव और जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं। जिसके बाद भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ) की कार्यकारिणी के लिए भी इसी वर्ष चुनाव कराए जाएंगे।
इसके लिए सदस्य बनाने का अभियान लगभग दो माह बाद प्रारंभ होगा। वर्ष के अंत तक प्रदेश व जिला स्तर का संगठन तैयार हो जाएगा। प्रदेश कांग्रेस में छात्र राजनीति का बहुत महत्व रहा है। एनएसयूआइ ने कई बड़े नेता दिए हैं, इस कारण इसका चुनाव भी सरगर्मी वाला होगा। दावेदार अभी से तैयारी में जुट गए हैं।
यह भी पढ़ें: उज्जैन रेंज के डीआईजी रात दो बजे पहुंचे शाजापुर के कोतवाली थाने, कानून व्यवस्था की ली जानकारी
कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि मतदाता 18 से 27 वर्ष तक की उम्र वाले कार्यकर्ता होंगे। चुनाव के पहले सदस्यता अभियान चलेगा। चुनाव वही लड़ पाएगा, जिसे निर्धारित मत प्रतिशत प्राप्त होंगे। कम मत पाने वाले संगठन में किसी पद पर नहीं आ पाएंगे।
उल्लेखनीय है कि हर दो साल में एनएसयूआइ के चुनाव कराने का नियम है पर वर्ष 2020 के बाद से चुनाव नहीं हुआ है। यानी तीन वर्ष विलंब हो चुका है। इसके पहले 2010, 2012, 2015, 2018 और 2020 में चुनाव हुए थे। हालांकि, इन चुनावों में प्रदेश व जिला पदाधिकारी का नामांकन ही सर्वसम्मति से होता आया है। पहली बार चुनाव नए स्वरूप में होने जा रहा है। वर्तमान में आशुतोष चौकसे एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष हैं।