
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सूखीसेवनिया थाना क्षेत्र में एक झोलाछाप बंगाली डॉक्टर ने डिस्पेंसरी में इलाज कराने पहुंची छात्रा से दुष्कर्म कर दिया। आरोपी डॉक्टर ने चेकअप के बहाने युवती को बैड टच किया और फिर उससे गलत काम करने लगा।
पीड़िता शोर मचाते हुए उसके क्लीनिक से बाहर आ गई और थाने में शिकायत की। सूखीसेवनिया थाना पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 वर्षीय पीड़िता सूखीसेवनिया क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और प्रथम वर्ष की कॉलेज छात्रा है। उसे पिछले आठ से दस दिनों से लगातार सिर दर्द की शिकायत थी। उपचार के लिए वह मंगलवार दोपहर गांव में क्लीनिक संचालित करने वाले संजीत कुमार बंगाली के पास पहुंची थी।
आरोप है कि जांच के दौरान डॉक्टर ने उसके साथ गलत नीयत से छूने की कोशिश की। साथ ही चेकअप के बहाने डॉक्टर ने अश्लीलता की। छात्रा ने तुरंत इसका विरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद वह तुरंत क्लीनिक से बाहर निकल आई।
घर पहुंचकर उसने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन क्लीनिक पहुंचे और आरोपी से उनका विवाद हो गया। बाद में वे आरोपी को लेकर थाने पहुंचे, जहां पुलिस को शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की गई।
सूखीसेवनिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया कि शिकायत के आधार पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही बुधवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।