
Heat Wave in MP: नवदुनिया राज्य ब्यूरो, भोपाल। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश सहित पूरे मध्य भारत में अप्रैल-मई का तापमान औसत से अधिक होने की संभावना व्यक्त की है। इस कारण प्रदेश के अधिकांश भागों में लू (तापघात) की स्थिति निर्मित हो सकती है। गृह विभाग के राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने इस संबंध में प्रदेश स्तर पर विभिन्न विभागों और जिलों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश गुरुवार को जारी कर दिए।
सभी जिला और सिविल अस्पतालों में लू प्रभावित रोगियों के लिए पहली बार अलग से वार्ड बनाए जाएंगे, साथ ही नगरीय विकास एवं आवास विभाग सार्वजनिक स्थलों पर शेड बनाकर उन्हें ठंडा रखने की व्यवस्था करेगा। स्कूलों में भी जरूरी व्यवस्थाएं रखने के निर्देश दिए गए हैं। लू लगने के लक्षण और उससे बचने के लिए लोगों की जागरूकता के लिए निर्देश भी जारी किए गए हैं।
- जिला, ब्लाक एवं विभाग स्तर पर लू प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
- मौसम विभाग भविष्यवाणी को आमजन तक पहुंचाएगा।
- शैक्षणिक संस्थाओं का कार्य समय, मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार परिवर्तित किया जाएगा।
- स्कूल के कक्ष ठंडा रखने होंगे। प्रभावित विद्यार्थियों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एक शिक्षक को नामित किया जाएगा।

- सार्वजनिक स्थलों पर 108 एंबुलेंस को विशेषकर दोपहर में तैयार रखा जाए।
- परिवहन विभाग को बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड आदि सार्वजनिक वाहन स्थलों पर फर्स्ट एड बाक्स, लू प्रभावितों के उपचार, पर्याप्त छाया की व्यवस्था करनी होगी।
लू लगने पर त्वचा पर लाल चकत्ता, सूजन, फफोले, बुखार, सिरदर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। पैरों, पेट की मांसपेशियों अथवा शरीर के बाहरी भागों में तकलीफ, शरीर में ऐंठन और अत्यधिक पसीना आता है।
- प्रभावित व्यक्ति को बार-बार नहलाएं। यदि फफोले निकल आएं हों, तो स्टरलाइज या ड्रेसिंग करें और चिकित्सक का परामर्श लें।
- प्रभावित को ठंडा पानी, छाछ पिलाएं। यदि उल्टी आ रही हो तो शीतल पेय पिलाना बंद करके तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाएं।
- हीट स्ट्रोक होने पर ठंडे एवं गीले कपड़े से स्पंजिंग करें।
- धूप में निकलने के पहले तरल पदार्थ का सेवन करें। शरीर में पानी की कमी न होने दें।
- सूती, ढीले एवं आरामदायक कपड़े पहनें। सिंथेटिक एवं गहरे रंग के वस्त्र पहनने से बचें।
- गरिष्ठ, वसायुक्त, ज्यादा प्रोटीन वाले भोजन तथा अल्कोहल, चाय, काफी जैसे पेय पदार्थ का उपयोग कम से कम करें।