पॉलिथीन के नीचे रात और 3 किमी दूर टॉयलेट: भोपाल आंदोलन में महिला अभ्यर्थियों का दर्द सुन पीसी शर्मा बोले- 30 घंटे करूंगा भूख हड़ताल
धरने पर बैठी महिला अभ्यर्थियों को पानी, टॉयलेट और सोने की समस्या जैसी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने मांगों का समर...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 27 Sep 2026 04:10:01 PM (IST)Updated Date: Sun, 27 Sep 2026 04:10:01 PM (IST)
वर्ग-2 और वर्ग-3 के धरना स्थल पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा पहुंचें। नईदुनिया।HighLights
- शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद वृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का भोपाल में आंदोलन जारी
- पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने धरना स्थल पहुंचकर अभ्यर्थियों से मुलाकात की, 30 घंटे भूख हड़ताल का ऐलान
- पॉलिथीन के नीचे रहने, खुले में सोने और महिलाओं के लिए दूर शौचालय होने जैसी समस्याएं बताईं
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद वृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन रविवार को 38वें दिन भी जारी है। वहीं अनशन पर बैठे नरेंद्र सिंह राजपूत की भूख हड़ताल 18 दिन से लगातार चल रही है।
शनिवार को धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अभ्यर्थियों की मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो वह भी 30 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
महिलाओं को टॉयलेट और कपड़े बदलने की परेशानी
धरना दे रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्षा के दौरान उन्हें पॉलिथीन के नीचे जगह तलाशकर रहना पड़ रहा है। जगह कम होने के कारण कई बार खुले में सोने की स्थिति बन जाती है। सड़क से लगातार वाहनों की आवाजाही के बीच छोटे बैरिकेड के सहारे रात गुजारने की बात भी अभ्यर्थियों ने कही।
अभ्यर्थियों ने बताया कि वर्षा के कारण खाना बनाने का सामान भीग गया। अभ्यर्थियों ने धरना स्थल पर साफ-सफाई और रहने की परिस्थितियों को लेकर भी परेशानी जताई। सागर से आईं रुचि सैनी ने कहा कि वह 37 दिन से धरना स्थल पर हैं।
उन्होंने महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था को सबसे बड़ी समस्या बताया। उनका कहना है कि कई बार आवश्यक जरूरतों के लिए दूर शौचालय तलाशना पड़ता है।
3 किमी दूर शौचालय
शिक्षिका दीप्ति सिंह ठाकुर ने बताया कि धरना स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर शौचालय है। कई बार तीन-चार दिन तक नहाने की स्थिति नहीं बनती और कपड़े बदलने के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अभ्यर्थियों ने सरकार से भर्ती में पद बढ़ाने की मांग पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।