यूपी से लाई जा रही थी 1.50 लाख की एमडी ड्रग्स; महिला इंजीनियर और साथी गिरफ्तार
भोपाल क्राइम ब्रांच ने एमपी नगर जोन-2 और साकेत नगर क्षेत्र से श्रद्धा चौकीकर और राजेन्द्र राय को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से 14.19 ग्राम एमडी ड्रग्स और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
By Brajendra rishishwarEdited By: bhupendra Singh Rajput
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 08:39:06 AM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 08:48:31 AM (IST)
आरोपी श्रद्धा और राजेन्द्र राय। सौ- पुलिसHighLights
- हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
- बीई की पढ़ाई के दौरान बुरी संगत में पड़ी थी आरोपित
- कोलार और शाहपुरा इलाकों में रह चुकी है महिला
नईदुनिया प्रतिनधि,भोपाल। राजधानी नशा कारोबारियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई कर अवैध मादक पदार्थ ''एमडी'' की तस्करी करने वाले एक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताों के कब्जे से 14.19 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ''एमडी'' और मोबाइल फोन बरामद किया है। ड्रग्स की खेप को उत्तर प्रदेश से भोपाल लाया जा रहा था।
क्राइम ब्रांच के एडीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने एमपी नगर जोन-2 स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने घेराबंदी कर संदिग्ध महिला श्रद्धा चौकीकर (38 वर्ष) को हिरासत में लेकर क्राइम लाकर तलाशी के दौरान उसकी जैकेट की जेब से पारदर्शी पन्नी में 14.19 ग्राम एमडी बरामद हुआ।
इंजीनियरिंग के दौरान पड़ी थी नशे की आदत
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित श्रद्धा ने भोपाल के कॉलेज से बीई. (इंजीनियरिंग) की पढ़ाई की है। पढ़ाई के दौरान वह कुछ छात्रों के संपर्क में आई और धीरे-धीरे हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल व शौक के चलते नशे की आदी हो गई। वह पिछले 10 सालों से भोपाल के कोलार, शाहपुरा और रेलवे कॉलोनी जैसे इलाकों में रह रही थी और प्राइवेट काम करती थी।
उत्तर प्रदेश से जुड़ा है तस्करी का नेटवर्क
आरोपितो ने पूछताछ में बताया कि मेडिकल इंश्योरेंस का काम करने वाले सह आरोपित राजेन्द्र राय (37 वर्ष, निवासी उमरिया, बी-फार्मा ग्रेजुएट) के जरिए उसका संपर्क तस्करों से हुआ था। दो दिन पहले ही श्रद्धा और राजेन्द्र राय, राजेन्द्र के भांजे सतेन्द्र उर्फ जुगनू के पास उत्तर प्रदेश के गाजीपुर (दिलदार नगर) गए थे, जहां से यह अवैध खेप लाई गई थी।
क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए साकेत नगर के रीगल होटल के पास से दूसरे आरोपित राजेन्द्र राय को भी धर दबोचा। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा उत्तर प्रदेश में बैठे अन्य सहयोगियों की तलाश तेज कर दी है।