
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। त्योहारी सीजन में मेट्रो यात्रियों के लिए खुशखबरी है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने यात्रा को किफायती बनाने के लिए टिकटों पर विशेष प्रमोशनल डिस्काउंट देने का ऐलान किया है। इसके तहत मौजूदा छूट के अलावा 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट दी जाएगी। यह सुविधा 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी।
नई व्यवस्था के तहत सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट मिलेगी, हालांकि यह छूट 20 रुपये वाले टिकट पर लागू नहीं होगी। वहीं, रिटर्न जर्नी टिकट पर मिलने वाली छूट पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दी गई है। ग्रुप टिकट पर अब दस प्रतिशत के बजाय 35 प्रतिशत छूट मिलेगी।
राहत की बात यह भी है कि ग्रुप टिकट के लिए न्यूनतम संख्या आठ से घटाकर मात्र दो यात्री कर दी गई है, जिससे दो लोग भी इसका लाभ उठा सकेंगे। पहले इसके लिए 8 लोगों का समूह होना जरूरी था।
इसके अलावा एमपी मेट्रो मोबाइल ऐप से ई-वॉलेट रिचार्ज पर आठ से 15 प्रतिशत बोनस पहले से मिल रहा है। इस नई छूट और ई-वॉलेट बोनस को मिलाकर डिजिटल भुगतान करने वाले यात्रियों को अधिकतम लगभग 44 प्रतिशत तक का सीधा फायदा पहुंचेगा। यात्री यूपीआई, क्यूआर कोड और ऐप के जरिए कैशलेस टिकट लेकर सुगम सफर कर सकते हैं।