भोपाल: मासूम के चेहरे पर थप्पड़ के निशान देख भड़की मां; कोचिंग से डरा-सहमा लौटा 5वीं का छात्र, टीचर पर FIR दर्ज
बच्चा डरा-सहमा घर पहुंचा और उसने मां को पूरी घटना बताई। परिजन बच्चे को बागसेवनिया थाने ले गए, जहां लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
Publish Date: Thu, 08 Oct 2026 01:42:57 PM (IST)Updated Date: Thu, 08 Oct 2026 01:42:57 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- होमवर्क नहीं करने पर पांचवीं के छात्र की पिटाई
- शिक्षक पर 10 वर्षीय छात्र को थप्पड़ मारने का आरोप
- पुलिस ने शिक्षक खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोचिंग पढ़ने गए पांचवीं कक्षा के एक छात्र के साथ होमवर्क न करने पर शिक्षक द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपित कोचिंग शिक्षक ने मासूम को थप्पड़ जड़ दिए, जिससे उसके चेहरे और कान पर चोट के निशान बन गए।
बच्चे की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित ट्यूशन शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाल और कान पर मिले निशान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साकेत नगर निवासी महिला का 10 वर्षीय बेटा मुदित देशमुख पांचवीं कक्षा का छात्र है। वह क्षेत्र में ही ओंडोर के सामने स्थित 'कृष्णा आर्केड' की 'एडिक्सन क्लासेस' में ट्यूशन पढ़ने जाता है। बुधवार शाम जब बच्चा कोचिंग से घर लौटा, तो वह काफी डरा-सहमा हुआ था। मां ने ध्यान दिया तो बच्चे के बाएं गाल और कान पर थप्पड़ के गहरे निशान दिखाई दिए।
थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
जब मां ने प्यार से पूछताछ की, तो बच्चे ने रोते हुए बताया कि होमवर्क पूरा न होने पर कोचिंग शिक्षक राहुल गौर ने उसे बेदर्दी से पीट दिया। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर तुरंत बागसेवनिया थाने पहुंचे और पूरी आपबीती सुनाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित ट्यूशन शिक्षक राहुल गौर के खिलाफ मारपीट व संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।