First Woman CM of Madhya Pradesh: उमा भारती ऐसे बनी थीं मध्य प्रदेश की पहली महिला मुख्यमंत्री, जानिए क्यों छोड़नी पड़ी थी कुर्सी
First Woman CM of Madhya Pradesh:दिग्विजय सिंह के राज को खत्म कर उमा भारती ने 8 दिसंबर 2003 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
By Arvind Dubey
Edited By: Arvind Dubey
Publish Date: Wed, 19 Apr 2023 10:53:30 AM (IST)
Updated Date: Thu, 20 Apr 2023 12:15:38 PM (IST)
Uma Bharti First Woman CM of Madhya PradeshFirst Woman CM of Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में इस साल के आखिरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला रहा है। 2003 तक कांग्रेस का लगभग एकतरफा राज रहा। इस कांग्रेस राज में सेंध लगाने और भाजपा की मजबूत सरकार बनाने का श्रेय जिस नेता को जाता है, उनका नाम है उमा भारती।
भाजपा की फायर ब्रांड नेता रहीं उमा भारती मध्य प्रदेश की पहली और एकमात्र महिला मुख्यमंत्री हैं। प्रदेश में दिग्विजय सिंह के राज को खत्म कर उमा भारती ने 8 दिसंबर 2003 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम 2003
साल 2003 में मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों पर वोटिंग हुई थी। भाजपा ने दिग्विजय सिंह के ‘बंटाधार’ शासन के खिलाफ चुनाव लड़ा था। भाजपा को 230 में से 173 सीट मिली। कांग्रेस मात्र 38 सीट पर सिमट गई। समाजवादी पार्टी के साथ ही गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, राष्ट्रीय समानता दल, बीएसपी, सीपीएम, जेडीयू भी चुनाव मैदान में उतरी थीं, लेकिन मतदाताओं ने भाव नहीं दिया।
मध्य प्रदेश में भाजपा को भारी जीत दिलाने वाली भारती को राज्यपाल राम प्रकाश गुप्ता ने भोपाल के ऐतिहासिक लाल परेड ग्राउंड में शपथ दिलाई थी। तब उप प्रधानमंत्री लाल किशनचंद आडवाणी समेत पार्टी के सभी दिग्गज नेता मौजूद थे।
पारंपरिक भगवा परिधान में उमा भारती ने हिंदी में शपथ ली थी। समारोह में 12 कैबिनेट मंत्रियों और पांच राज्य मंत्रियों ने भी शपथ ली थी।
…8 माह बाद देना पड़ा था इस्तीफा
उमा भारती महज 8 महीने मुख्यमंत्री पद की कुर्सी पर रह सकी थीं। 21 अगस्त 2004 को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र देना पड़ा था। इसके पीछे का कारण था एक गैर जमानती वारंट। यह वारंट 15 अगस्त 1994 की एक घटना के संबंध में था।
उस दिन उमा भारती ने कर्नाटक में हुबली के ईदगाह मैदान में तिरंगा झंडा फहराया था। इसके बाद हुबली में दंगा भड़क गया था और 6 लोगों की मौत हो गई थी। केस दर्ज हुआ और उमा भारती को कई बार तलब किया गया। आखिर में गैर जमानती वारंट जारी हुआ और यही कारण था कि उमा भारती को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा।
उमा भारती के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री
- उमा भारती: 8 दिसंबर 2003 से 23 अगस्त 2004
- बाबूलाल गौर: 23 अगस्त 2004 से 29 नवंबर 2005
- शिवराज सिंह चौहान: 29 नवम्बर 2005 से 17 दिसंबर 2018
- कमल नाथ: 17 दिसंबर 2018 से 23 मार्च 2020
- शिवराज सिंह चौहान: 23 मार्च 2020 से अब तक