
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में बुधवार को प्रस्तावित बड़े कार्यक्रम और रैली के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इसे देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने सभी स्कूलों को विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशित किया गया है कि स्कूल प्रबंधन अपने क्षेत्र की स्थिति और यातायात व्यवस्था का आकलन कर शाला समय में बदलाव कर सकेंगे या विद्यालय संचालन के संबंध में उचित निर्णय ले सकेंगे।
दरअसल, टीटी नगर के अटल पथ पर सुबह 10 बजे से होने वाले कार्यक्रम में 40 से 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके चलते पुलिस प्रशासन द्वारा टीटी नगर, रोशनपुरा, लिंक रोड नंबर एक और दो, भदभदा, जवाहर चौक, पॉलिटेक्निक और बाणगंगा सहित कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा।
यह भी पढ़ें- वोट चोरी रैली में शामिल न होने पर एमपी यूथ कांग्रेस के 9 जिला अध्यक्ष, 5 उपाध्यक्ष और 46 सचिव-महासचिव निलंबित
इससे स्कूली बसों और विद्यार्थियों के आवागमन में परेशानी हो सकती है। स्कूलों को अपने निर्णय की जानकारी अभिभावकों, विद्यार्थियों और वाहन संचालकों को देने के साथ डीईओ कार्यालय को भी भेजनी होगी।