भोपाल: बैरसिया में वन विभाग की टीम पर हमला; कब्जे का विरोध करने पर वनरक्षक को पीटा, वर्दी फाड़ी
बैरसिया के सरखंडी क्षेत्र में वन विभाग की जमीन पर कब्जे का विरोध करने पर दो भाइयों ने वनरक्षक प्रवीण सिंह परिहार के साथ मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 09:20:18 AM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 09:20:18 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- वन भूमि पर अतिक्रमण का विरोध करने पर मारपीट
- ग्रामीणों पर खेत की सीमा बढ़ाकर कब्जे का आरोप
- मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बैरसिया के सरखंडी क्षेत्र में वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण का विरोध करने पर दो भाइयों ने वनरक्षक के साथ मारपीट की और वर्दी फाड़ दी। घटना बुधवार शाम करीब पांच बजे की है। वनरक्षक की शिकायत पर बैरसिया पुलिस ने मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। घटना के बाद से दोनों आरोपित फरार हैं।
खेत की सीमा बढ़ाकर किया कब्जा
पुलिस के अनुसार 38 वर्षीय प्रवीण सिंह परिहार वन विभाग में वनरक्षक हैं और सरखंडी क्षेत्र में पदस्थ हैं। सरखंडी में वन विभाग की जमीन के पास लाखन सिंह गुर्जर और उसके भाई राजेंद्र गुर्जर का खेत है। आरोप है कि दोनों लंबे समय से खेत की सीमा बढ़ाकर वन विभाग की जमीन को उसमें मिलाने का प्रयास कर रहे थे।
वनरक्षक को पीटा, वर्दी फाड़ी
बुधवार शाम प्रवीण सिंह परिहार ने मौके पर पहुंचकर लाखन सिंह गुर्जर को वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण करने से रोका। इस बात पर लाखन और उसके भाई राजेंद्र ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों ने वनरक्षक के साथ मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी।
बैरसिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया कि घटना के बाद वनरक्षक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।