
भोपाल। ग्वालियर के भाजपा नेता डॉ सतीश सिकरवार समर्थकों के साथ मंगलवार को पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ से मिलने पहुंचे। इस दौरान कमल नाथ ने तिरंगा दुप्पट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया और सभी को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस में प्रवेश पर उनका स्वागत है। पिछले विधानसभा चुनाव में डॉ सिकरवार ग्वालियर पूर्व सीट से भाजपा के प्रत्याशी थे। कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि आज तक हम जिनसे लड़ते आए अब वो खुद भाजपा में हैं। उधर इन्हें कांग्रेस में शामिल हुए दो घंटे भी नहीं हुए थे कि पार्टी में इसका विरोध शुरू हो गया। ग्वालियर में कांग्रेस कार्यालय में इस पर विरोध दर्ज कराने के लिए ग्वालियर पूर्व विधानसभा के कार्यकर्ता पहुंच गए।
पूर्व सीएम कमल नाथ ने इस दौरान कहा कि भाजपा के नेता कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में रोज प्रवेश ले रहे हैं, कल भी कुछ लोगों ने प्रवेश लिया था। हम इसे पब्लिसिटी या इवेंट का रूप नहीं देते हैं, यह तो भाजपा की राजनीति है। उन्होंने कहा कि आज जनता के साथ-साथ भाजपा के कार्यकर्ता भी उनसे दुखी हैं, यह मध्य प्रदेश की स्थिति है। हम सभी सीटें जीतेंगे, हमारी सर्वे रिपोर्ट अच्छी है, हमें कोई चिंता की बात नहीं है। कमल नाथ ने कहा कि आज का मध्य प्रदेश का मतदाता बहुत समझदार है। मुझे प्रदेश के मतदाताओं, यहां की जनता और जिन 27 सीटों पर उपचुनाव हो रहा है, वहां की जनता पर भी पूरा विश्वास है कि वो भले कमलनाथ का साथ ना दें, कांग्रेस का साथ ना दें लेकिन सच्चाई का साथ ज़रूर देंगे।
2 पूर्व मंत्री भी कमल नाथ के संपर्क में, भाजपा में खलबली
भाजपा के 2 पूर्व मंत्री भी कमल नाथ के संपर्क में हैं। यह दोनों पूर्व मंत्री सतीश सिकरवार के बाद भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। भाजपा संगठन के पास दोनों पूर्व मंत्रियों के नाम पहुंच गए हैं, जिससे भाजपा में खलबली मची हुई है। अब दोनों पूर्व मंत्रियों को मनाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को केवल सतीश सिकरवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराने पर फोकस रहेगा।
इसके बाद इन पूर्व मंत्रियों की कांग्रेस में शामिल कर भाजपा को झटका दिया जाएगा। दोनों पूर्व मंत्री ग्वालियर-चंबल अंचल के बताए जा रहे हैं। इस संबंध में कांग्रेस मीडिया प्रभारी केके मिश्रा का कहना है कि कुछ और भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल होने के लिए कतार में हैं। इन लोगों को इसी सप्ताह कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई जा सकती है।