भोपाल मास्टर प्लान पर सियासी संग्राम; रोशनपुरा चौराहे पर 31 घंटे के उपवास पर बैठे पूर्व मंत्री पीसी शर्मा
पीसी शर्मा ने आरोप लगाया कि कमलनाथ सरकार द्वारा तैयार 2031 का मास्टर प्लान मार्च 2020 में पेश होने के बाद भी मौजूदा सरकार ने इसे रोक दिया।
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 06:46:30 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 06:46:30 PM (IST)
भोपाल मास्टर प्लान को लेकर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा उपवास पर बैठे। नईदुनिया।HighLights
- भोपाल का नया मास्टर प्लान लागू कराने की मांग
- पूर्व मंत्री पीसी शर्मा रोशनपुरा चौराहे पर उपवास पर बैठे
- कथित अवैध कमीशन के सरकार पर लगाए आरोप
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । राजधानी का नया मास्टर प्लान लागू कराने की मांग को लेकर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा शुक्रवार सुबह रोशनपुरा चौराहे पर 31 घंटे के उपवास पर बैठ गए। उनका यह उपवास आज दोपहर तीन बजे समाप्त होगा।
पीसी शर्मा ने कहा कि शहर का आखिरी मास्टर प्लान 1995 में दिग्विजय सिंह सरकार के समय लागू हुआ था। नियमानुसार हर दस साल में नया प्लान आना चाहिए, लेकिन 2005 के बाद से इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
कमलनाथ सरकार ने 2031 का मास्टर प्लान तैयार कर मार्च 2020 में पेश कर दिया था, लेकिन सत्ता बदलते ही मौजूदा सरकार ने इसे रोक दिया।
दलाली करने का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि नया प्लान लागू होने से मकान और दुकान निर्माण की अनुमतियां सीधे नियमों के तहत मिलने लगेंगी, जिससे नेताओं और दलालों का अवैध कमीशन बंद हो जाएगा। इसी वजह से सरकार इसे जानबूझकर अटकाए बैठी है।
इस मौके पर पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, अरुणेश्वर शरण सिंह देव, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उनके समर्थन में मौजूद रहे।